Edited By ,Updated: 14 May, 2026 03:39 AM

एक ओर सरकार नशों और सोने की तस्करी रोकने के लिए अभियान चला रही है तो दूसरी ओर समाज विरोधी तत्व इनकी तस्करी के लिए कड़ी सुरक्षा वाले विमानों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
एक ओर सरकार नशों और सोने की तस्करी रोकने के लिए अभियान चला रही है तो दूसरी ओर समाज विरोधी तत्व इनकी तस्करी के लिए कड़ी सुरक्षा वाले विमानों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पिछले लगभग एक माह के दौरान भारत के प्रमुख हवाई अड्डों पर नशे और सोने की तस्करी की कई बड़ी घटनाएं सामने आईं जिनमें से चंद निम्न में दर्ज हैं।
* 14 अप्रैल को ‘इम्फाल हवाई अड्डे’ पर सुरक्षा बलों ने 6.74 किलो ‘ब्राऊन शूगर’ जब्त करके एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
* 18 अप्रैल को लखनऊ के ‘चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे’ पर बैंकाक से आई ‘ओमान एयरवेज’ की फ्लाइट से आए यात्री के पास से 14.5 करोड़ रुपए का ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ (उन्नत किस्म का गांजा) बरामद किया गया।
* 18 अप्रैल को ही ‘कालीकट के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर मस्कट से आए यात्री से 1.58 करोड़ रुपए की ‘सिंथैटिक ड्रग्स’ जब्त की गईं।
* 23 अप्रैल को नई दिल्ली में बैंकाक से आए 4 भारतीय यात्रियों से 9 करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया गया।
* 25 अप्रैल को दिल्ली में ‘इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर कस्टम विभाग तथा उत्तराखंड की नार्कोटिक्स टीम ने संयुक्त कार्रवाई में उत्तराखंड के ‘किच्छा’ से कनाडा भेजे जा रहे एक पार्सल से 500 ग्राम अफीम बरामद की। इस सिलसिले में एक युवक और युवती को हिरासत में लिया गया।
* 28 अप्रैल को हैदराबाद स्थित ‘राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर बैंकाक से आए एक यात्री से 6.15 किलो ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ जब्त किया गया।
* 28 अप्रैल को ही मुंबई स्थित ‘छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ से धातु के डिब्बों में छिपाकर 60 लाख रुपए मूल्य की ड्रग्स लाते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
* 29 अप्रैल को ‘चेन्नई’ स्थित हवाई अड्डे पर बैंकाक से आए यात्री से कॉस्मैटिक उत्पादों में छिपाया हुआ 868 ग्राम ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ जब्त किया गया।
* 2 मई को ‘लखनऊ हवाई अड्डे’ पर बैंकाक से आए एक यात्री से 12 किलो ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ (उन्नत किस्म का गांजा) पकड़ा गया।
* 2 मई को ही ‘दिल्ली हवाई अड्डे’ पर 4.35 करोड़ रुपए के सोने के साथ एक महिला समेत 3 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।
* 3 मई को ‘मुंबई हवाई अड्डे’ पर अधिकारियों ने दुबई से आए एक यात्री से 1.79 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की इलैक्ट्रोनिक वस्तुएं ,सौंदर्य प्रसाधन, सिगरेट तथा सोना जब्त किया।
* 6 मई को नई दिल्ली में ‘इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर वियतनाम से आए यात्रियों के पास से लगभग 27 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की गई।
* 7 और 8 मई को मुंबई में ‘छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर कस्टम अधिकारियों ने 2 दिनों के भीतर 3 मामलों में 19 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का 17.9 किलो ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ (गांजा) और विदेशी मुद्रा जब्त की।
* 8 मई को ही ‘लखनऊ हवाई अड्डे’ पर एक व्यक्ति से 12 किलो ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ (गांजा) बरामद किया गया।
* 9 मई को ‘नई दिल्ली हवाई अड्डे’ पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकाक से आए यात्रियों से लगभग 35 किलो हाई-ग्रेड ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ जब्त किया। इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 35 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई गई।
* 9 मई को ही ‘लखनऊ हवाई अड्डे’ पर बैंकाक से आए 3 यात्रियों को लगभग 15 करोड़ रुपए मूल्य के 14.87 किलो ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ (गांजा) के साथ गिरफ्तार किया गया।
* और अब 10 मई को अमृतसर में ‘श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर अधिकारियों ने ‘मलेशिया’ से आए एक यात्री के पास से टैडी बियर (खिलौना) में छिपाकर लाई जा रही 25 करोड़ रुपए मूल्य की सिंथैटिक ड्रग्स बरामद की।
ये तो वे मामले हैं जो पकड़े गए हैं जबकि ऐसे अनेक मामले भी हुए होंगे जो पकड़ में नहीं आ सके। अत: नशों आदि की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजैंसियों को ज्यादा चुस्त होने की जरूरत है क्योंकि इनकी तस्करी में आम तस्कर ही नहीं बल्कि विभिन्न विमान सेवाओं के चंद कर्मचारी भी शामिल पाए जा रहे हैं।—विजय कुमार