Edited By ,Updated: 27 Nov, 2026 04:32 AM

मोटर वाहनों से होने वाला वायु प्रदूषण आधुनिक समय की एक गंभीर समस्या बन चुका है। पैट्रोल व डीजल के दहन से निकलने वाला धुआं पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को भारी नुकसान पहुंचाता है। वायु प्रदूषण में कार्बन मोनोऑक्साइड होती है, जो शरीर में खून की ऑक्सीजन...
मोटर वाहनों से होने वाला वायु प्रदूषण आधुनिक समय की एक गंभीर समस्या बन चुका है। पैट्रोल व डीजल के दहन से निकलने वाला धुआं पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को भारी नुकसान पहुंचाता है। वायु प्रदूषण में कार्बन मोनोऑक्साइड होती है, जो शरीर में खून की ऑक्सीजन ले जाने की क्षमता को कम कर देती है। इसी तरह कार्बन डाइऑक्साइड ग्लोबल वाॄमग और जलवायु परिवर्तन को बढ़ावा देती है, जो अन्तत: मानव जाति को बुरी तरह से प्रभावित करती है।
धुएं और कालिख के बारीक कण सांस के जरिए सीधे फेफड़ों में पहुंचकर गंभीर बीमारियां उत्पन्न करते हैं। प्रदूषित हवा हृदय रोग और फेफड़ों के कैंसर का कारण बनती है। पैट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों के इंजन में जब ईंधन का पूरी तरह दहन नहीं हो पाता, तो उनके साइलैंसर से निकलने वाली हानिकारक गैसें और सूक्ष्म कण वातावरण में घुल कर हवा को जहरीला बना देते हैं तथा कई प्रकार की बीमारियों को जन्म देते हैं।
केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के अंतर्गत वाहनों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं जिनका विवरण निम्न है। सभी वाहनों के लिए प्रदूषण प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। याद रहे कि नया वाहन खरीदने पर 1 वर्ष तक प्रदूषण जांच से छूट मिलती है तथा उसके बाद प्रतिवर्ष वाहन का प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाना जरूरी है। हाल ही में भारत सरकार ने नियमों में कुछ परिवर्तन लाने का प्रस्ताव पास किया है, जिसके अन्तर्गत 10 वर्ष तक की रजिस्ट्रेशन के वाहनों को प्रदूषण सॢटफिकेट के लिए प्रत्येक 3 वर्ष के बाद ही इस सर्टिफिकेट का नवीनीकरण करवाना होगा। पुराने वाहनों के लिए यह प्रमाणपत्र 6 महीने तक ही वैध रहेगा।
इस प्रमाणपत्र की जानकारी वाहन के डाटाबेस से जोड़ दी गई है तथा प्रमाणपत्र की समय-सीमा समाप्त हो जाने के बाद गाड़ी का चालान सीधे गाड़ी के मालिक के मोबाइल पर ही भेज दिया जाता है। पहली बार उल्लंघन करने पर 10 हजार रुपए तक का जुर्माना किया जाता है तथा इसके अतिरिक्त 3 महीने की जेल या दोनों भी हो सकते हैं। दोषी चालक का ड्राइविंग लाइसैंस 3 महीने के लिए अयोग्य किया जा सकता है। फिर से उल्लंघन करने पर 6 महीने तक की जेल या 10,000 रुपए का जुर्माना किया जा सकता है।
उपरोक्त प्रमाणपत्र का होना केवल औपचारिकता ही लगता है, क्योंकि लगभग हर पैट्रोल पंप के बाहर प्रदूषण जांच केंद्र खोले गए हैं, जो 100 रुपए लेकर गाड़ी को चैक किए बिना ही प्रमाणपत्र जारी कर देते हैं। प्रमाणपत्र की वैधता एक वर्ष तक की होती है तथा इसी दौरान यदि गाड़ी अधिक धुआं छोडऩा आरंभ कर देती है, तब इस प्रमाणपत्र के होने की कोई तार्किकता नहीं रह जाती। इसी तरह अधिक जुर्माना रखने से पुलिस तथा अन्य नियंत्रण करने वाली एजैंसियां चालकों से चालान करने के बदले में अवैध रूप से घूस ले सकती हैं तथा ऐसा कुछ हो भी रहा है। इस संबंध में निम्नलिखित सुझाव दिए जा रहे हैं।
1. प्रदूषण नियंत्रित करने वाली एजैंसियों को प्रदूषण जांच करने वाले उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाने चाहिएं ताकि उनके प्रयोग से वास्तविक प्रदूषण उत्सर्जन का पता लगाया जा सके।
2. इन उपकरणों का इस्तेमाल किसी वरिष्ठ अधिकारी की देखरेख में ही होना चाहिए।
3. प्रदूषण रोकने हेतु पुलिस को समय-समय पर चेतावनी अभियान भी चलाने चाहिएं। इसके अतिरिक्त सरकार को निम्नलिखित पहलुओं की तरफ ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
-इलैक्ट्रिक या सी.एन.जी. का इस्तेमाल बढ़ाना चाहिए। इस पहलू की तरफ केंद्र सरकार प्राथमिकता के आधार पर ध्यान दे रही है। हिमाचल सरकार ने हाल ही में इलैक्ट्रिक बसों का पूरा बेड़ा पुलिस में शामिल किया है। ऐसे वाहनों की रजिस्ट्रेशन फीस भी कम रखी गई है। यही कारण है कि हिमाचल प्रदेश में इलैक्ट्रिक वाहनों की बिक्री दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है तथा प्रदूषण पर नियन्त्रण किया जा रहा है। ऐसे कदम अन्य राज्यों को भी उठाने चाहिएं।
-सौर-वायु ऊर्जा इत्यादि के इस्तेमाल की तरफ भी ध्यान दिया जा रहा है, जो एक अच्छी पहल है।
-इसी तरह वाहनों के हॉर्न, बड़े लाऊडस्पीकर और निर्माण कार्यों के शोर से तनाव तथा सुनने की क्षमता में कमी आती है। बुलेट मोटरसाइकिल के साइलैंसरों को मॉडिफाई करके मनचले युवक बड़ी तीखी आवाज वाले ‘पटाखे’ बजाते हैं। ऐसे उल्लंघन करने वाले चालकों पर पुलिस को एक विशेष अभियान के अंतर्गत शिकंजा कसना चाहिए।
इस तरह विश्व की इस गंभीर व महत्वपूर्ण समस्या को सुलझाने के लिए जहां एक तरफ सरकारी तंत्र को सक्रिय होना पड़ेगा, वहीं दूसरी तरफ सभी वाहन चालकों को अपनी पूर्ण जिम्मेदारी निभानी होगी। प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए व्यक्तिगत व सामूहिक दोनों स्तरों पर कदम उठाने की आवश्यकता है।-राजेन्द्र मोहन शर्मा डी.आई.जी. (रिटायर्ड)