मुंबई में फिर महंगी हुई CNG, आधी रात से इतने बढ़ गए दाम, ऑटो यूनियन ने भी कर दिया बड़ा ऐलान

Edited By Updated: 16 Nov, 2026 05:48 AM

cng becomes expensive again in mumbai

महाराष्ट्र में मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में रविवार को यात्रियों, वाहन चालकों और सार्वजनिक परिवहन संचालकों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ गया। संपीड़ति प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की कीमत में 1.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है, जिससे...

मुंबईः महाराष्ट्र में मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में रविवार को यात्रियों, वाहन चालकों और सार्वजनिक परिवहन संचालकों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ गया। संपीड़ति प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की कीमत में 1.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है, जिससे इसकी खुदरा कीमत बढ़कर 91.50 रुपये प्रति किलो हो गई है। बढ़ी हुई कीमत शनिवार आधी रात से लागू हो गई और रविवार सुबह से मुंबई तथा आसपास के क्षेत्रों के सभी सीएनजी केंद्रों पर इसी दर से गैस की बिक्री शुरू हो गई। इससे पहले एक नवंबर को सीएनजी की कीमत में एक रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी।

पिछले 75 दिनों में इसकी कीमत कुल 5.50 रुपये प्रति किलो बढ़ चुकी है। साल की शुरुआत में सीएनजी की कीमत 80.50 रुपये प्रति किलो थी, जो अब 11 रुपये बढ़ चुकी है। कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सबसे अधिक असर ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों पर पड़ने की आशंका है, क्योंकि वे रोजमरर के कामकाज के लिए काफी हद तक सीएनजी पर निर्भर हैं। निजी वाहन चालकों और सीएनजी से चलने वाले व्यावसायिक वाहनों के संचालकों को भी हर बार गैस भरवाने के लिए अधिक पैसे खर्च करने होंगे। सीएनजी की ताजा कीमत बढ़ने के बाद ऑटो रिक्शा यूनियनों ने एक बार फिर यात्री किराया बढ़ाने की मांग की है।

यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से उनकी कमाई पर असर पड़ा है। मुंबई रिक्शा मेन यूनियन के थम्पी कुरियन ने कहा कि सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से हाल में किए गए किराया संशोधन का आर्थिक लाभ कम हो गया है। यूनियन ने ऑटो रिक्शा का न्यूनतम किराया मौजूदा 27 रुपये से बढ़ाकर 29 रुपये करने की मांग की है। यह किराया पहले 1.5 किलोमीटर के लिए लागू होता है।

यह मांग ऐसे समय की गई है, जब पिछले किराया संशोधन के बाद ऑटो रिक्शा के मीटरों को नए किराये के अनुसार समायोजित करने की प्रक्रिया अभी जारी है। अनुमान के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र में ऑटो रिक्शा, टैक्सी, निजी कारों और सार्वजनिक परिवहन के वाहनों सहित करीब 12.93 लाख सीएनजी से चलने वाले वाहन हैं। क्षेत्र में सीएनजी की आपूर्ति करने वाली महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के लिए गैस खरीद की लागत बढ़ने, घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस का आवंटन घटने और आयातित प्राकृतिक गैस पर निर्भरता बढ़ने को जिम्मेदार ठहराया है।

कंपनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की ऊंची कीमतों के कारण गैस खरीदने का खर्च बढ़ा है। इसका विशेष रूप से सीएनजी क्षेत्र पर असर पड़ा है। कंपनी के अनुसार, कीमतों में संशोधन का उद्देश्य बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा पूरा करना और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना है। हालांकि, सीएनजी की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के साथ घरों में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाली पाइप के जरिये आपूर्ति की जाने वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पाइप वाली गैस का इस्तेमाल करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली है। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!