Edited By jyoti choudhary,Updated: 14 Nov, 2026 03:42 PM

त्योहारों का सीजन खत्म होने के बाद भी दालों की कीमतों में कमी नहीं आने से सरकार सख्त हो गई है। आम लोगों को महंगाई से राहत दिलाने और बाजार में जमाखोरी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब दाल कारोबार से जुड़े व्यापारियों,
नई दिल्लीः त्योहारों का सीजन खत्म होने के बाद भी दालों की कीमतों में कमी नहीं आने से सरकार सख्त हो गई है। आम लोगों को महंगाई से राहत दिलाने और बाजार में जमाखोरी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब दाल कारोबार से जुड़े व्यापारियों, आयातकों, मिलर्स, डीलरों, थोक विक्रेताओं और रिटेलर्स को हर सप्ताह अपने पास मौजूद दालों के स्टॉक की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर देनी होगी। सरकार का मानना है कि इस कदम से बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी और कृत्रिम कमी पैदा करने वालों पर लगाम लगेगी।
दालों की कीमतों पर सरकार की नजर
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की सचिव निधि खरे ने बड़े रिटेलर्स, आयातकों, मिलर्स और कारोबारियों के साथ बैठक कर दालों की सप्लाई और कीमतों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के बाद दालों की कीमतों में बढ़ोतरी का कोई औचित्य नहीं है। सरकार ने कारोबारियों को निर्देश दिया है कि मंडियों में दालों के दाम घटने का फायदा आम उपभोक्ताओं तक भी पहुंचना चाहिए।
दरअसल, मंडियों में कीमतें कम होने के बावजूद खुदरा बाजार में ग्राहकों को राहत नहीं मिल रही है। सरकार को आशंका है कि कुछ कारोबारी जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए कीमतों को ऊंचा बनाए हुए हैं।
सप्लाई बढ़ने से सस्ती हो सकती हैं दालें
सरकार के मुताबिक, खरीफ 2026 में उड़द और दूसरी दालों की अच्छी बुवाई हुई है। इसके अलावा रबी फसलों की बुवाई में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। नियमित आयात के कारण बाजार में दालों की उपलब्धता बेहतर बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में दालों की कीमतों में गिरावट आने की उम्मीद है।
चीनी और चावल के स्टॉक पर भी सख्ती
सरकार ने सिर्फ दालों ही नहीं, बल्कि चावल और चीनी के कारोबार पर भी निगरानी बढ़ा दी है। 6 नवंबर 2026 से व्यापारियों और मिलर्स के लिए बासमती, नॉन-बासमती चावल, टूटे चावल और धान का साप्ताहिक स्टॉक बताना अनिवार्य किया गया है।
वहीं, नए चीनी सीजन के दौरान 15 अक्टूबर से 30 नवंबर तक डीलरों के लिए अधिकतम 1,000 क्विंटल या 15 दिन की खपत के बराबर स्टॉक रखने की सीमा तय की गई है। सरकार के इन कदमों का मकसद खाद्य वस्तुओं की जमाखोरी रोकना और आम लोगों को महंगाई से राहत दिलाना है।