आलू-टमाटर ने बिगाड़ा बजट, महंगी हुई शाकाहारी-मांसाहारी थाली

Edited By Updated: 08 Jul, 2025 05:51 PM

thali became expensive in june prices of tomato and potato increased

घरेलू रसोई का बजट एक बार फिर गड़बड़ाने लगा है। जून में टमाटर और आलू की बढ़ी कीमतों ने शाकाहारी और मांसाहारी दोनों थालियों को महंगा कर दिया है। क्रिसिल की एक रिपोर्ट के अनुसार, शाकाहारी थाली की कीमत में 3% और मांसाहारी थाली की लागत में 4% की बढ़ोतरी...

बिजनेस डेस्कः घरेलू रसोई का बजट एक बार फिर गड़बड़ाने लगा है। जून में टमाटर और आलू की बढ़ी कीमतों ने शाकाहारी और मांसाहारी दोनों थालियों को महंगा कर दिया है। क्रिसिल की एक रिपोर्ट के अनुसार, शाकाहारी थाली की कीमत में 3% और मांसाहारी थाली की लागत में 4% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। टमाटर की कीमत में 36% और आलू में 4% की तेजी इसके पीछे प्रमुख वजह रही। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में सब्जियों की कीमतें और बढ़ सकती हैं, जिससे आम आदमी की थाली पर और बोझ पड़ेगा।

रिपोर्ट के अनुसार, शाकाहारी थाली की कीमत मई में 26.2 रुपए की तुलना में जून में तीन प्रतिशत बढ़कर 27.1 रुपए हो गई, जबकि मांसाहारी थाली की कीमत मई में 52.6 रुपए की तुलना में जून में चार प्रतिशत बढ़कर 54.8 रुपए प्रति थाली हो गई।

घरेलू रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की एक इकाई की मासिक ‘रोटी, चावल, दर' रिपोर्ट में बताया गया है कि आवक में आठ प्रतिशत की गिरावट के कारण इस महीने टमाटर की कीमत में 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिससे थाली की कीमत बढ़ गई। इसके अलावा, उपभोक्ताओं को आलू की कीमत में चार प्रतिशत की वृद्धि का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट में कहा गया है कि मांसाहारी थाली के मामले में ब्रॉयलर की कीमतों में पांच प्रतिशत की वृद्धि से भी नुकसान हुआ है।

क्रिसिल इंटेलिजेंस के निदेशक पुशन शर्मा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मौसमी बदलावों के कारण सब्जियों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण थाली की लागत क्रमिक रूप से बढ़ेगी। प्याज के मामले में, ताजा आवक के अभाव और रबी स्टॉक को नियंत्रित ढंग से बाजार में जारी किए जाने के कारण कीमतों में मामूली वृद्धि की उम्मीद है, जबकि टमाटर की गर्मियों में कमजोर बुवाई के कारण कीमतों में बढ़ोतरी होगी। 

हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि सालाना आधार पर तुलना करने पर शाकाहारी भोजन की कीमतों में आठ प्रतिशत की गिरावट आई है। मांसाहारी भोजन में सालाना आधार पर छह प्रतिशत की गिरावट आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह काफी हद तक जून, 2024 के उच्च आधार स्तर के कारण है। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!