उत्तराखंड : कई जिलों में भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज' अलर्ज जारी, देहरादून के विद्यालयों में कल छुट्टी

Edited By Updated: 09 Jul, 2026 12:56 AM

uttarakhand  orange  alert issued for heavy rain in several districts

उत्तराखंड के कई हिस्सों में बुधवार को बारिश हुई और मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बृहस्पतिवार व शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश के मद्देनजर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर राज्य...

नेशनल डेस्क : उत्तराखंड के कई हिस्सों में बुधवार को बारिश हुई और मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बृहस्पतिवार व शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश के मद्देनजर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं, देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बृहस्पतिवार को 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया।

देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को नैनीताल में 33.5 मिलीमीटर (मिमी), कालाढूंगी में 30 मिमी, डंगोली में 28.5 मिमी, भीमताल में 27.5 मिमी, नरेंद्रनगर में 27 मिमी, पौड़ी में 26.5 मिमी, चोरगलिया में 25.5 मिमी, कौसानी में 24 मिमी, देवप्रयाग में 21 मिमी और कोश्याकुटोली में 20.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जागेश्वर में 19.5 मिमी, चंबा में 19 मिमी, नई टिहरी में 17.5 मिमी और रानीचौरी में 17 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कई अन्य स्थानों पर भी हल्की बारिश हुई।

अधिकारियों के अनुसार, बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन हुआ और मलबा आने से प्रदेशभर में करीब 70 सड़कों पर यातायात बाधित हुआ। अधिकारियों के अनुसार, बंद मार्गों को खोलने का काम जारी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम दर्ज किया गया। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 28.8 डिग्री सेल्सियस, मुक्तेश्वर और नई टिहरी में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम क्रमश: 17.6 और 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र ने बृहस्पतिवार को देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल व चंपावत जिलों में और शुक्रवार को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया। इस दौरान इन जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने और अत्यधिक तेज बारिश होने का भी अनुमान है। बृहस्पतिवार के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार को भी देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, राहत और बचाव दलों को तैयार रखने, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने, सड़कों की स्थिति पर नजर रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और पर्वतीय तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करने की अपील की।

उन्होंने लोगों से नदी-नालों और बरसाती नालों के पास नहीं जाने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा। इस बीच, उत्तरकाशी जिले के हर्षिल क्षेत्र में भागीरथी नदी से हो रहे कटाव से आवासीय बस्ती की सुरक्षा के लिए मलबे और पत्थरों से बांध का निर्माण किया गया है। हर्षिल थाने को पीडब्ल्यूडी अतिथि गृह और पटवारी चौकी को पंचायत भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है। केंद्र के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले तीन परिवारों को सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कटाव प्रभावित स्थल पर लगातार सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं और स्थिति की निगरानी जारी है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!