Edited By jyoti choudhary,Updated: 14 Nov, 2026 12:30 PM

कर्ज के बोझ से दबी दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अगुवाई वाले बैंकों के समूह से कर्ज मिलने में अभी और समय लग सकता है। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अभिजीत किशोर ने यह जानकारी दी।
नई दिल्लीः कर्ज के बोझ से दबी दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अगुवाई वाले बैंकों के समूह से कर्ज मिलने में अभी और समय लग सकता है। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अभिजीत किशोर ने यह जानकारी दी। किशोर ने कहा कि कई बैंकों के शामिल होने के कारण कर्ज जुटाने की प्रक्रिया में पिछले अनुमान से अधिक समय लग रहा है। हालांकि, कंपनी को बैंकों के समूह के साथ बातचीत सफल रहने का भरोसा है।
वोडाफोन आइडिया के वित्तीय नतीजों पर आयोजित बातचीत के दौरान किशोर ने कहा कि कंपनी को निजी क्षेत्र के भारतीय बैंकों और विदेशी बैंकों से पर्याप्त वित्तपोषण मिला है, जिससे वह अपने पूंजीगत व्यय की रफ्तार बनाए रख सकती है। उन्होंने कहा, ''कई बैंकों के शामिल होने के कारण पूरी प्रक्रिया में हमारी पहले की उम्मीद से कुछ अधिक समय लग रहा है लेकिन हमें बैंकों के समूह के साथ बातचीत के सफल रहने का भरोसा है।''
वोडाफोन आइडिया अपने नेटवर्क को उन्नत बनाने और बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए 2027 तक 50,000-55,000 करोड़ रुपए के पूंजीगत व्यय की योजना बना रही है। कंपनी ने इस खर्च के एक हिस्से का वित्तपोषण राइट्स इश्यू, प्रवर्तकों से मिले समर्थन और वैधानिक बकाया भुगतान में सरकार की राहत से उपलब्ध नकदी के जरिए किया है। वहीं, पूंजीगत व्यय योजना के बड़े हिस्से के वित्तपोषण के लिए एसबीआई की अगुवाई वाले बैंकों के समूह से कर्ज लेने को लेकर बातचीत कर रही है।
किशोर ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में भारतीय निजी बैंकों और विदेशी बैंकों से मिली अतिरिक्त धनराशि पूंजीगत व्यय की रफ्तार बनाए रखने के लिए पर्याप्त है। कंपनी 25,000 करोड़ रुपए का कर्ज और 10,000 करोड़ रुपए की गैर-निधि आधारित ऋण सुविधाएं जुटाना चाहती है। किशोर ने कहा कि कंपनी को पूरी राशि एक साथ नहीं चाहिए और वह जरूरत के मुताबिक इसका इस्तेमाल करेगी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के साथ बातचीत अंतिम चरण के करीब है। इस बीच, कंपनी ने कहा कि दिसंबर में आठ दूरसंचार सर्किल में उसके स्पेक्ट्रम की अवधि समाप्त होने के बावजूद सेवाओं में कोई बाधा नहीं आएगी।
हालांकि, अभी स्पेक्ट्रम नीलामी की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है। किशोर ने कहा कि कंपनी ने स्पेक्ट्रम का इस्तेमाल जारी रखने में अपनी रुचि जता दी है। सामान्य तौर पर दूरसंचार कंपनियां नीलामी होने तक संबंधित स्पेक्ट्रम का इस्तेमाल जारी रखती हैं। वोडाफोन आइडिया ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही तक वारंट, निधि आधारित और गैर-निधि आधारित ऋण सुविधाओं सहित 10,500 करोड़ रुपए से अधिक का वित्तपोषण जुटाया है। इसमें से 4,000 करोड़ रुपए से अधिक की अतिरिक्त बैंक वित्तपोषण सुविधा दूसरी तिमाही में जुटाई गई।