Edited By Priyanka rana,Updated: 13 Mar, 2020 03:01 PM
सैक्टर-32 जी.एम.सी.एच. अस्पताल के पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली।
चंडीगढ़(सुुशील) : सैक्टर-32 जी.एम.सी.एच. अस्पताल के पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। घटना वीरवार रात 8:30 बजे करीब की है। अचानक से पांचवीं मंजिल से जमीन पर आकर गिरे व्यक्ति को देख अस्पताल में सनसनी फैल गई।
ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड और अस्पताल कर्मचारियों ने बुरी तरह से घायल हुए व्यक्ति को अस्पताल की इमरजैंसी में दाखिल करवाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मोहाली फेज-4 के रहने वाले गुरमीत सिंह विर्क के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची सैक्टर-34 थाना पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल से उसकी पत्नी से बात कर घटना की सूचना दी।
मृतक मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था। घटनास्थल से पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार वीरवार को गुरप्रीत घर से शाम 7:30 बजे बिना किसी को बताए निकला था। परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में बताया गुरप्रीत मानसिक तौर से परेशान रहता था। इलाज भी चल रहा था। मृतक की एक बेटी है और वह आई.टी. प्रोफैशनल था।