Edited By Niyati Bhandari,Updated: 18 Nov, 2026 08:57 AM
Amla Navami 2026 Vrat Katha: आंवला नवमी या अक्षय नवमी के शुभ अवसर पर भगवान श्री हरि विष्णु, माता लक्ष्मी तथा आंवले के वृक्ष (Dhatri Vriksha) के पूजन का विशेष विधान है। शास्त्रों में उल्लेख मिलता है कि यदि इस दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालु पूजा के...
Amla Navami 2026 Vrat Katha: कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आंवला नवमी या अक्षय नवमी के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाता है। सनातन धर्म में इस दिन का महत्व अत्यंत विशेष माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय नवमी के दिन किए गए जप, तप, दान और पूजा-पाठ का फल कभी समाप्त नहीं होता यानी वह "अक्षय" रहता है।
इस शुभ अवसर पर भगवान श्री हरि विष्णु, माता लक्ष्मी तथा आंवले के वृक्ष (Dhatri Vriksha) के पूजन का विशेष विधान है। शास्त्रों में उल्लेख मिलता है कि यदि इस दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालु पूजा के दौरान पौराणिक व्रत कथा का श्रवण करते हैं, तो उनके जीवन से दरिद्रता का नाश होता है और घर-परिवार में सुख, समृद्धि तथा शांति का वास होता है।
Amla Navami Vrat Katha: एक पौराणिक कथा के अनुसार एक कुष्ठ रोगी महिला को गंगा जी ने कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आंवला के वृक्ष की पूजा कर आंवले का सेवन करने की सलाह दी थी। इसके बाद महिला ने इस तिथि को आंवला वृक्ष का पूजन कर आंवला ग्रहण किया था और वह रोगमुक्त हो गई थी। इस व्रत एवं पूजन के प्रभाव से कुछ दिनों बाद उसे संतान की प्राप्ति हुई। तभी से हिंदुओं में यह परम्परा चली आ रही है। आंवला के गुणों के लिए भी यह पूजा बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है। ‘आंवला नवमी’ के दिन आंवला के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने का भी चलन है।
तुलसी सभी देवताओं की परम प्रसन्नता को बढ़ाने वाली हैं। जहां तुलसी वन होता है वहां देवताओं का वास होता है और पितृगण परम प्रीतिपूर्वक तुलसीवन में निवास करते हैं। पितृ देवार्चन आदि कार्यों में तुलसीपत्र अवश्य प्रदान करना चाहिए। तुलसी को त्रिलोकीनाथ भगवान विष्णु, सभी देवी-देवताओं और विशेष रूप से पितृगणों के लिए परम प्रसन्नता देने वाली समझना चाहिए। इसलिए देव तथा पितृकार्यों में तुलसी पत्र अवश्य समर्पित करना चाहिए। जहां तुलसी वृक्ष स्थित है, वहां सभी तीर्थों के साथ साक्षात भगवती गंगा सदा निवास करती हैं।
यदि अत्यंत भाग्यवश आंवले का वृक्ष भी वहां पर स्थित हो, तो वह स्थान बहुत अधिक पुण्य प्रदान करने वाला समझना चाहिए। जहां इन दोनों के निकट बिल्व वृक्ष भी हो, तो वह स्थान साक्षात वाराणसी के समान महातीर्थ स्वरूप है। उस स्थान पर भगवान शंकर, देवी भगवती तथा भगवान विष्णु का भक्ति भाव से किया गया पूजन महापातकों का नाश करने वाला तथा बहुपुण्यदायक जानना चाहिए। जो व्यक्ति वहां एक बिल्व पत्र भी भगवान शंकर को अर्पण कर देता है, वह साक्षात भगवान शिव के दिव्य लोक को प्राप्त करता है।

Amla Navami Vrat Katha आंवला नवमी व्रत कथा
पुराणों में वर्णन है कि एक बार माता लक्ष्मी ने भगवान विष्णु से पूछा, “हे प्रभु, ऐसा कौन-सा वृक्ष है जिसकी पूजा करने से अक्षय फल प्राप्त होता है?”
तब भगवान विष्णु बोले, “हे देवी, आंवला वृक्ष मेरी ही शक्ति से उत्पन्न हुआ है। जो भक्त आंवला नवमी के दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करता है, उसे अखंड सौभाग्य, स्वास्थ्य और धन की प्राप्ति होती है।”
इसी कारण इस दिन को अक्षय नवमी कहा जाता है।
Story of origin of Amla आंवला की उत्पत्ति की कथा
आंवले को आयुर्वेद में बहुत लाभकारी और चमत्कारी बताया गया है। इसके साथ ही उसकी उत्पत्ति के विषय में एक कथा भी प्रचलित है। मान्यता के अनुसार, जब पूरी पृथ्वी जलमग्न थी और इस पर जिंदगी नहीं थी, तब बह्माजी कमल पुष्प में बैठ कर परबह्म की तपस्या कर रहे थे। वह अपनी कठिन तपस्या में लीन थे। तपस्या करते-करते बह्माजी की आंखों से ईश-प्रेम के अनुराग के आंसू टपकने लगे। कहते हैं इन्हीं आंसुओं से आंवले का पेड़ उत्पन्न हुआ, जिससे इस चमत्कारी औषधीय फल की प्राप्ति हुई। इस तरह आंवला वृक्ष सृष्टि में आया और यह एक लाभकारी फल हुआ।

माता लक्ष्मी ने क्यों की थी आंवले के पेड़ की पूजा?
एक बार माता लक्ष्मी पृथ्वी लोक पर भ्रमण करने के लिए पधारीं। धरती पर आकर उनके मन में इच्छा जाग्रत हुई कि वे एक ही स्थान पर भगवान श्री हरि विष्णु और देवाधिदेव महादेव (भगवान शिव) दोनों की एक साथ पूजा-अर्चना करें।
तभी माता लक्ष्मी को स्मरण हुआ कि तुलसी के गुण भगवान विष्णु को प्रिय हैं और बेल पत्र के गुण भगवान शिव को अत्यंत प्रिय हैं, और ये दोनों ही दिव्य गुण आंवले के वृक्ष में समाहित होते हैं।
इसके बाद मां लक्ष्मी ने आंवले के वृक्ष को भगवान विष्णु और शिवजी का प्रतीक मानकर विधि-विधान से उसका पूजन किया। माता लक्ष्मी की निश्छल भक्ति और अपार श्रद्धा से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु और भगवान शिव साक्षात प्रकट हुए। प्रसन्न होकर माता लक्ष्मी ने स्वयं अपने हाथों से आंवले के वृक्ष के नीचे सात्विक भोजन पकाया और दोनों देवों को प्रेमपूर्वक भोजन कराया। इसके बाद स्वयं भोजन ग्रहण किया।
जिस दिन माता लक्ष्मी ने यह पूजन और भोजन कराया था, उस दिन कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि थी। तभी से आंवला नवमी के दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने और उसके नीचे भोजन पकाने व दान करने की परंपरा चली आ रही है।
