Edited By Sarita Thapa,Updated: 14 Nov, 2026 07:52 AM

राजधानी दिल्ली में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ देशभर में श्रद्धा और भक्तिभाव से शुरू हो गया। सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित इस महापर्व के पहले दिन व्रतियों ने स्नान कर घरों की साफ-सफाई की और पूरी शुद्धता के साथ...
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): राजधानी दिल्ली में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ देशभर में श्रद्धा और भक्तिभाव से शुरू हो गया। सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित इस महापर्व के पहले दिन व्रतियों ने स्नान कर घरों की साफ-सफाई की और पूरी शुद्धता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद तैयार किया। इसी के साथ छठ पूजा की विधिवत शुरुआत हुई। अगले चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में श्रद्धालु संतान की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।
खरना आज : छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर, रोटी और अन्य प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेंगे। तीसरे दिन रविवार को व्रती नदी, तालाबों और विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके अगले दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
15 नवम्बर को संध्या अर्घ्य, 16 को उषा अर्घ्य : छठ पूजा में डूबते और उगते, दोनों सूर्य को अर्घ्य देने की विशेष परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तीसरे दिन व्रती शाम को पूजा सामग्री, मौसमी फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे बांस के सूप के साथ घाटों पर पहुंचेंगे। पंचांग के अनुसार, 15 नवंबर को शाम 5 बजकर 27 मिनट पर सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर को सुबह 6 बजकर 44 मिनट पर सूर्योदय के समय उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद व्रती पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण करेंगे और निर्जला व्रत का पारण करेंगे।
महिलाओं के साथ पुरुष भी रखते हैं व्रत : छठ पूजा में महिलाओं की भागीदारी अधिक देखने को मिलती है, लेकिन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह व्रत केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है। पुरुष भी पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से इस कठिन व्रत का पालन करते हैं। मान्यता है कि छठी मैया और सूर्यदेव की उपासना से संतान को आरोग्य, दीर्घायु और परिवार को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। यही वजह है कि इस महापर्व में स्वच्छता, पवित्रता, अनुशासन और लोकपरंपराओं का विशेष महत्व रहता है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ