Edited By Pardeep,Updated: 14 Nov, 2026 06:15 AM

अमेरिका में शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के संचार तंत्र में आई भीषण तकनीकी खराबी के बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया। अमेरिकी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने "असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों" का हवाला देते...
वाशिंगटन : अमेरिका में शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के संचार तंत्र में आई भीषण तकनीकी खराबी के बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया। अमेरिकी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने "असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों" का हवाला देते हुए देशव्यापी स्तर पर सभी रवाना होने वाली (Departing) उड़ानों पर तत्काल प्रभाव से रोक (Ground Stop) लगा दी है।
हवा में उड़ रहे विमान सुरक्षित उतरेंगे, जमीन पर खड़े विमानों पर पाबंदी
FAA के आदेश के अनुसार, जो विमान पहले से ही हवा में हैं, वे अपने गंतव्य तक उड़ान जारी रख सकेंगे और सुरक्षित लैंड कर सकेंगे। हालांकि, जमीन पर खड़े किसी भी विमान को अगले आदेश तक उड़ान भरने (टेक-ऑफ) की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर एफएए ने स्पष्ट किया है कि उनकी स्थिति का निपटारा मामले-दर-मामले (case-by-case) के आधार पर किया जाएगा।
परिवहन सचिव शॉन डफी का बयान, जांच में जुटे तकनीशियन
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी (Sean Duffy) ने जानकारी देते हुए बताया कि यह व्यवधान देश भर के सभी एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों को प्रभावित करने वाली एक संचार समस्या के कारण उत्पन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि एफएए के तकनीशियन इस खराबी की गहन जांच कर रहे हैं और सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह देशव्यापी पाबंदी एहतियातन लगाई गई है। इससे पहले, एफएए ने शिकागो में गंभीर संचार समस्याओं की रिपोर्ट के बाद वहां की उड़ानों को रोका था, जिसके बाद इसे पूरे देश में लागू कर दिया गया।
9/11 के बाद इतिहास में केवल दूसरी बार ऐसा कदम
11 सितंबर 2001 (9/11) के आतंकवादी हमलों के बाद अमेरिकी इतिहास में यह केवल दूसरी बार है जब एफएए ने सभी रवाना होने वाली उड़ानों पर राष्ट्रव्यापी ग्राउंड स्टॉप लागू किया है। इससे पहले जनवरी 2023 में 'नोटिस टू एयर मिशन' (NOTAM) सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण दो घंटे से भी कम समय के लिए घरेलू उड़ानों को रोका गया था।
पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने की कवायद जारी
यह तकनीकी व्यवधान ऐसे समय में सामने आया है जब एफएए अपने पुराने संचार ढांचे को आधुनिक बनाने पर काम कर रहा है। अमेरिकी कांग्रेस ने पिछले साल एजेंसी के संचार प्रणालियों को अपग्रेड करने के लिए 12.5 अरब डॉलर मंजूर किए थे। वहीं, शुक्रवार को एफएए और व्हाइट हाउस ने अन्य समस्याओं से निपटने के लिए कांग्रेस से 30.1 अरब डॉलर के अतिरिक्त बजट की मांग की है।