Edited By Sarita Thapa,Updated: 15 Nov, 2026 02:43 PM

छठ महापर्व आते ही सूर्य उपासना की परंपरा और उससे जुड़ी पौराणिक कथाओं की चर्चा तेज हो जाती है। बिहार में इस त्योहार का विशेष उत्साह देखने को मिलता है। यहां सूर्य देव को समर्पित कई प्राचीन मंदिर मौजूद हैं, जिनकी धार्मिक मान्यता और ऐताहासिक विरासत बहुत...
Famous Sun Temples In Bihar Magadh : छठ महापर्व आते ही सूर्य उपासना की परंपरा और उससे जुड़ी पौराणिक कथाओं की चर्चा तेज हो जाती है। बिहार में इस त्योहार का विशेष उत्साह देखने को मिलता है। यहां सूर्य देव को समर्पित कई प्राचीन मंदिर मौजूद हैं, जिनकी धार्मिक मान्यता और ऐताहासिक विरासत बहुत खास है। खासकर मगध क्षेत्र में स्थित सूर्य मंदिर सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। यहां दूर-दूर से भक्त भगवान भास्कर के दर्शन करने और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए पहुंचे हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बिहार के मगध क्षेत्र में ही सूर्य देव के इतने प्रसिद्ध और प्राचीन मंदिर क्यों बनाए गए? तो आइए छठ महापर्व के खास अवसर पर जानते हैं मगध में सूर्य मंदिरों की प्रसिद्धि के पीछे की वजह और इनसे जुड़ी मान्यताओं के बारे में।
मगध में सूर्य उपासना की प्राचीन परंपरा
बिहार का मगध क्षेत्र प्राचीन काल से ही धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यहां हिंदू धर्म के अनेक देवी-देवताओं की पूजा की परंपरा सदियों पुरानी है। सूर्य देव की आराधना भी इस क्षेत्र की धार्मिक संस्कृति का अहम हिस्सा रही है। प्राचीन मान्यताओं में सूर्य को जीवन, ऊर्जा, आरोग्य और प्रकाश का आधार माना गया है। कृषि प्रधान समाज में सूर्य की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। फसलों की पैदावार से लेकर ऋतुओं के बदलाव तक, जीवन के कई पहलू सूर्य की किरणों पर निर्भर करते हैं। यही वजह है कि प्राचीन समय में लोगों ने सूर्य को देवता के रूप में पूजना शुरू किया और उनके सम्मान में मंदिरों का निर्माण करवाया। मगध में सूर्य मंदिरों की अधिकता को यहां विकसित हुई सूर्य उपासना की मजबूत परंपरा और स्थानीय धार्मिक संस्कृति से जोड़कर देखा जाता है।
देव में स्थित सूर्य मंदिर की अनोखी मान्यता
बिहार के औरंगाबाद जिले में स्थित देव सूर्य मंदिर देश के प्रसिद्ध सूर्य मंदिरों में गिना जाता है। इसकी सबसे खास बात इसकी वास्तुकला और इससे जुड़ी धार्मिक मान्यता है। आमतौर पर सूर्य मंदिरों का मुख पूर्व दिशा की ओर होता है, लेकिन देव का प्रसिद्ध सूर्य मंदिर पश्चिमाभिमुख है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, इस मंदिर का निर्माण भगवान विश्वकर्मा ने एक ही रात में किया था। मंदिर को लेकर यह भी कहा जाता है कि यहां सूर्य देव की पूजा करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। छठ महापर्व के दौरान यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। लोग दूर-दराज से पहुंचकर सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
गया का दक्षिणार्क सूर्य मंदिर भी है खास
बिहार के गया में स्थित दक्षिणार्क सूर्य मंदिर भी सूर्य उपासना का एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल माना जाता है। गया का धार्मिक महत्व वैसे भी काफी अधिक है। यहां पितरों के निमित्त पिंडदान और तर्पण करने के लिए देश-विदेश से लोग पहुंचते हैं। दक्षिणार्क सूर्य मंदिर में भगवान सूर्य की पूजा की विशेष परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यहां सूर्य देव के दर्शन और आराधना करने से भक्तों को पुण्य की प्राप्ति होती है। छठ पूजा के अवसर पर इस मंदिर में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है।
उलार्क सूर्य मंदिर से जुड़ी पौराणिक कथा
पटना जिले के दुल्हिन बाजार क्षेत्र में स्थित उलार्क सूर्य मंदिर भी काफी प्रसिद्ध है। स्थानीय धार्मिक परंपराओं में इस मंदिर को भगवान सूर्य की उपासना का प्राचीन केंद्र माना जाता है। प्रचलित मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब को कुष्ठ रोग हो गया था। इस रोग से मुक्ति पाने के लिए उन्होंने सूर्य देव की कठिन तपस्या की थी। सूर्य देव की कृपा से उन्हें रोग से छुटकारा मिला। इसी कथा से जुड़ी मान्यताओं के आधार पर बिहार के कई सूर्य मंदिरों को विशेष धार्मिक महत्व प्राप्त हुआ है। हालांकि, अलग-अलग मंदिरों के निर्माण और स्थापना से जुड़ी स्थानीय कथाएं भी प्रचलित हैं।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ