Edited By Niyati Bhandari,Updated: 24 Nov, 2026 02:29 PM

Kartik Purnima Keshavraipatan Mela: बूंदी के केशवरायपाटन में चंबल नदी तट पर स्थित भगवान केशवराय मंदिर का इतिहास, स्थापत्य कला, चंबल का यू-टर्न और कार्तिक पूर्णिमा मेले का पूरा विवरण पढ़ें।
Kartik Purnima Keshavraipatan Mela: व्यक्ति के जीवन में धर्म-आध्यात्म का महत्व सदा बना रहता है। इसके चलते उसके जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संस्कार बने रहते हैं। धर्म की परम्पराओं को विकसित करने एवं लोगों को धर्म गंगा में पुण्य कमाने और उनके चंचल मन को धर्म की राह में मोड़ने के लिए देश में यहां-वहां मन्दिर निर्मित किए जाते हैं।
राजा-महाराजाओं ने समाज में धर्म का प्रवाह बढ़ाने के लिए मन्दिरों का निर्माण कराया। ये मन्दिर प्राय: नदी किनारे या नगर के प्रमुख स्थानों पर बनाए जाते थे। नदी किनारे बने मन्दिर में लोग स्नान कर भगवान की मूर्ति के दर्शन कर सुख-शांति के लिए आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। आज भी हमारे देश में विशाल एवं विभिन्न कला शैली से निर्मित सैकड़ों मन्दिर हैं।
नदी किनारे जो मन्दिर बने वे श्रद्धालुओं के लिए आस्था केन्द्र बन लोकप्रिय हुए। राजस्थान के बूंदी जिले में चंबल नदी के किनारे स्थित केशवरायपाटन प्राचीन धार्मिक नगरी होने के साथ-साथ अपनी अद्भुत स्थापत्य कला और मूर्तिकला के लिए भी प्रसिद्ध है।
चंबल के तट पर आस्था और स्थापत्य कला का अद्भुत संगम
प्राचीन काल में यह स्थान पट्टन नाम से जाना जाता था। मान्यता है कि यह जम्बू अरण्य मार्ग क्षेत्र का हिस्सा था, जहां ऋषि-मुनि तप और साधना किया करते थे। यहां स्थित भगवान केशवराय का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं।
इतिहासकारों के अनुसार भगवान विष्णु राजा रंतिदेव की गहन भक्ति से प्रसन्न होकर मूर्तियों के रूप में प्रकट हुए थे। इनमें सफेद पत्थर की श्री केशवजी और काले पत्थर की श्री चारभुजानाथ की प्रतिमाएं शामिल हैं। मान्यता के अनुसार, राजा रंतिदेव ने वर्ष 1307 में मंदिर का निर्माण शुरू करवाया था, लेकिन महल की साजिशों और राजनीतिक उथल-पुथल के कारण निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। बाद में बूंदी के राव राजा छत्रसाल के शासनकाल में इसका निर्माण कार्य पूरा करवाया गया।
मंदिर अपनी उत्कृष्ट स्थापत्य कला के लिए विशेष पहचान रखता है। यह विष्णु तीर्थ से ऊपर चंबल नदी के तट से लगभग 200 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। मंदिर एक विशाल और मजबूत चबूतरे पर बना है। इसके प्रवेश द्वार पर मध्यकालीन मंदिर स्थापत्य की झलक दिखाई देती है।
मंदिर की दीवारों, शिखर और विभिन्न हिस्सों पर पशु-पक्षियों, देवी-देवताओं, अप्सराओं, यक्षों, गंधर्वों और पौराणिक प्रसंगों को बेहद बारीकी से उकेरा गया है। भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित भागवत कथाओं के दृश्य भी मूर्तियों के रूप में दर्शाए गए हैं। मंदिर के गर्भगृह में भगवान केशवरायजी की सुंदर श्वेत संगमरमर की प्रतिमा पद्मासन मुद्रा में विराजमान है। उनके हाथों में शंख और चक्र हैं तथा छाती पर वैजयंती माला सुशोभित है। मंदिर का ऊंचा शिखर चार मंजिला है, जिसके शीर्ष पर कलश स्थापित है।
चंबल नदी से जुड़ी धार्मिक मान्यता
केशवरायपाटन में चंबल नदी पूर्व दिशा की ओर बहते हुए धनुषाकार रूप धारण करती है। मान्यता है कि नदी भगवान केशवराय के चरणों को स्पर्श करने के बाद यू-टर्न लेती है। इस स्थान से नदी को चारण्यमति नदी के नाम से भी जाना जाता है। यही कारण है कि यहां चंबल में स्नान करना विशेष पुण्यदायी माना जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा पर लगता है मेला
कार्तिक मास में यहां धार्मिक गतिविधियां विशेष रूप से बढ़ जाती हैं। इस दौरान सूर्योदय से पहले नदी में स्नान और भगवान की आराधना का विशेष महत्व है। अक्षय नवमी पर श्रद्धालु पंचकोसी परिक्रमा करते हैं। इसके बाद देवउठनी एकादशी और कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में लोग चंबल में स्नान कर भगवान के दर्शन करते हैं।
इस अवसर पर यहां लगभग दो सप्ताह तक मेला आयोजित होता है, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं। बूंदी उत्सव के दौरान आने वाले विदेशी पर्यटक भी यहां पहुंचते हैं और सूर्योदय तथा सूर्यास्त के समय नौकाविहार का आनंद लेते हैं।