Edited By Reetu sharma,Updated: 20 Nov, 2026 04:31 PM

बॉलीवुड में काम और परिवार के बीच संतुलन बनाने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। खासकर उन एक्ट्रेसेस के लिए जो मां बनने के बाद भी अपने करियर को जारी रखना चाहती हैं। अब आलिया भट्ट ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी है। उन्होंने वर्किंग मदर्स के लिए...
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बॉलीवुड में काम और परिवार के बीच संतुलन बनाने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। खासकर उन एक्ट्रेसेस के लिए जो मां बनने के बाद भी अपने करियर को जारी रखना चाहती हैं। अब आलिया भट्ट ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी है। उन्होंने वर्किंग मदर्स के लिए बेहतर वर्किंग एनवायरनमेंट की जरूरत बताई है। उनकी यह बात दीपिका पादुकोण की उस पहल को भी समर्थन देती नजर आ रही है, जिसमें उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली मांओं के लिए सुविधाएं और तय वर्किंग आवर्स की मांग की थी।
बेटी के जन्म के बाद आलिया ने तय किए काम के घंटे
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान आलिया भट्ट ने बताया कि बेटी राहा के जन्म के बाद जब उन्होंने काम पर वापसी की, तो अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स को लेकर कुछ नियम तय कर लिए थे। एक्ट्रेस ने कहा कि वह अपने पसंदीदा काम को जारी रखना चाहती हैं, लेकिन इसके लिए परिवार और बेटी के साथ समय बिताना भी उतना ही जरूरी है। आलिया के मुताबिक, उन्होंने फिल्म साइन करते समय ही साफ कर दिया था कि वह महीने में कितने दिन काम करेंगी और इससे ज्यादा दिन शूटिंग नहीं करना चाहतीं। हालांकि, किसी खास परिस्थिति में वह जरूरत के हिसाब से बदलाव करने के लिए तैयार हैं। उनका मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का एक बेहतर सिस्टम होना चाहिए, जिससे शूटिंग समय पर शुरू और खत्म हो सके। एक्ट्रेस ने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उन्हें कैमरे के सामने रहना हमेशा पसंद रहेगा, लेकिन अपनी बेटी के सामने रहना उन्हें उससे भी ज्यादा पसंद है।
दीपिका पादुकोण ने की थी 8 घंटे की शिफ्ट की मांग
बता दें कि दीपिका पादुकोण भी फिल्म इंडस्ट्री में वर्क लाइफ बैलेंस को लेकर अपनी बात रख चुकी हैं। उन्होंने आठ घंटे की वर्किंग शिफ्ट की वकालत करते हुए कहा था कि जरूरत से ज्यादा काम करने को समर्पण समझना गलत है। उनका मानना है कि जब इंसान स्वस्थ और खुश रहता है, तभी वह अपना बेहतर काम कर पाता है। दीपिका ने अपने ऑफिस का उदाहरण देते हुए बताया था कि वहां सोमवार से शुक्रवार तक आठ घंटे काम होता है। इसके अलावा मैटरनिटी और पैटरनिटी लीव की सुविधा भी है। उन्होंने बच्चों को ऑफिस लाने की व्यवस्था को सामान्य बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया था।
मां बनने के बाद महिलाओं को मिले बेहतर सपोर्ट
दीपिका ने अपने मदरहुड के अनुभव पर बात करते हुए कहा था कि मां बनने के बाद जिंदगी पहले जैसी नहीं रहती। काम और बच्चे की जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बैठाना आसान नहीं होता। ऐसे में नई मांओं को दोबारा काम पर लौटने के दौरान पूरा सपोर्ट मिलना चाहिए। अब आलिया भट्ट की राय ने इस बहस को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। दोनों एक्ट्रेसेस की बातें फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली महिलाओं के लिए बेहतर सुविधाओं और हेल्दी वर्किंग कल्चर की जरूरत को सामने रखती हैं।