इस फिल्म के बारे में आयुष्मान खुराना, शरवरी वाघ और डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। शादी के बाद लड़की ही अपना घर छोड़कर लड़के के परिवार के साथ क्यों रहे? क्या प्यार और शादी के रिश्ते में यह जरूरी है कि समझौता हमेशा लड़की ही करे? इसी सवाल को एक नई सोच और दिलचस्प कहानी के साथ बड़े पर्दे पर लेकर आ रहे हैं निर्देशक सूरज बड़जात्या। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ स्टारर फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ जो 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने को तैयार है। इस फिल्म के बारे में आयुष्मान खुराना, शरवरी वाघ और डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...
सूरज बड़जात्या
सवाल: आमतौर पर शादी के बाद लड़की अपना घर छोड़कर लड़के के परिवार में जाती है, लेकिन यहां कहानी इसके उलट है। फिल्म में क्या खास होने वाला है?
सूरज बड़जात्या: यह मेरी पहली ऐसी फिल्म है, जिसमें प्रेम को इतने परिपक्व और खूबसूरत अंदाज में दिखाया गया है। इसमें एक लड़का और लड़की एक-दूसरे से सच्चा प्यार करते हैं लेकिन लड़की अपनी परिस्थितियों के कारण अपना घर छोड़कर कहीं और नहीं जा सकती। ऐसे में लड़का सवाल करता है कि अगर लड़की उसके घर नहीं आ सकती, तो वह खुद उसके घर जाकर क्यों नहीं रह सकता? आखिर किस संविधान या वेद-पुराण में लिखा है कि हमेशा लड़की ही अपना घर छोड़ेगी? यही सवाल फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाता है। फिल्म में बताया गया है कि अगर दो लोग एक-दूसरे से प्यार करते हैं, तो सामाजिक बंधन उनके रिश्ते के बीच रुकावट नहीं बनने चाहिए।
सवाल: अगर आपकी शादी के समय ऐसी परिस्थिति आई होती कि आपको पत्नी के घर जाकर रहना पड़ता, तो आपके पिता की क्या प्रतिक्रिया होती?
सूरज बड़जात्या: सच कहूं तो मेरे पिता की प्रतिक्रिया भी फिल्म में प्रेम के दादाजी जैसी ही होती। उनकी सोच और सवाल भी कुछ ऐसे ही होते। मैंने फिल्म में उसी भावना को दिखाने की कोशिश की है। हालांकि, 21 साल की उम्र में मुझमें इतनी समझ नहीं थी। इस बात का मुझे आज भी मलाल रहता है।
सवाल: आपकी फिल्मों में भारतीय परंपराओं और पारिवारिक रिश्तों को बहुत खूबसूरती से दिखाया जाता है। इस फिल्म के जरिए आप दर्शकों को क्या संदेश देना चाहते हैं?
सूरज बड़जात्या: यह फिल्म पूरी तरह मनोरंजन से भरपूर है। इसमें छठ पूजा, गरबा नाइट और दिवाली जैसे कई भारतीय त्योहार और रस्में देखने को मिलेंगी। मेरा मानना है कि भारतीय परंपराओं में लोगों को जोड़ने की ताकत है। फिल्म में एक खास संदेश भी है कि लड़की की प्राथमिकताओं और उसकी इच्छाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। हमारा किरदार आज की पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करता है। फिल्म बड़ों को भी यह समझाने की कोशिश करती है कि बच्चों की बात सुनना और उनकी इच्छाओं को समझना कितना जरूरी है। यह एक संपूर्ण पारिवारिक मनोरंजन फिल्म है।
सवाल: आज भी कई परिवार अपनी पुरानी परंपराओं को लेकर काफी सख्त हैं। ऐसे में जब नई पीढ़ी शादी, रिश्तों या साथ रहने को लेकर अलग सोच रखती है तो दोनों पीढ़ियों के बीच का अंतर कैसे कम किया जा सकता है?
सूरज बड़जात्या: यही बात हमारी फिल्म में प्रेम और पूर्वा समझाने की कोशिश करते हैं। वे यह फैसला नहीं करते कि परिवार से अलग होकर अपनी जिंदगी जिएंगे, बल्कि चाहते हैं कि सभी को साथ लेकर आगे बढ़ें। इस कहानी में प्रेम के दादाजी और पूर्वा की नानी भी अहम भूमिका निभाते हैं। वे समझते हैं कि अगर दो लोग एक-दूसरे से प्यार करते हैं, तो उन्हें मिलाने की कोशिश करनी चाहिए। इस तरह दोनों पीढ़ियों को थोड़ा आगे बढ़कर एक-दूसरे की सोच समझनी होगी। तभी उनके बीच की दूरी कम हो सकती है।
सवाल: शादी में अक्सर कहा जाता है कि पति-पत्नी एक-दूसरे से बिल्कुल अलग होते हैं। क्या आपको लगता है कि अलग स्वभाव के लोग एक-दूसरे को बेहतर बनाते हैं?
सूरज बड़जात्या: मुझे लगता है कि शादी में अक्सर विपरीत स्वभाव के लोग मिलते हैं। इसका एक कारण यह भी हो सकता है कि अगली पीढ़ी को दोनों के अच्छे गुण मिलें। पति-पत्नी का हर चीज में एक जैसा होना जरूरी नहीं है। कई बार अलग-अलग सोच और स्वभाव ही रिश्ते को संतुलित बनाते हैं।
सवाल: जो युवा अभी तक शादी नहीं करना चाहते या शादी को लेकर असमंजस में हैं, उन्हें आप क्या सलाह देना चाहेंगे?
सूरज बड़जात्या: मैं यही कहूंगा कि शादी जरूर करनी चाहिए लेकिन तभी जब आपके पास रिश्ते को समय देने और उसे निभाने का साहस हो। किसी भी रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए समय देना बहुत जरूरी है। जैसे किसी पौधे को सींचने के लिए समय चाहिए, वैसे ही शादी को भी प्यार और समय की जरूरत होती है। आपके करियर और वैवाहिक जीवन दोनों को बराबर महत्व देना जरूरी है।

आयुष्मान खुराना
सवाल: आपकी फिल्मों में अक्सर किरदार कुछ अलग और अनोखे अंदाज में नजर आते हैं। इस किरदार को लेकर आपका अनुभव कैसा रहा?
आयुष्मान खुराना: मुझे लगता है कि मेरा किरदार सामान्य जरूर है, लेकिन उसकी सोच थोड़ी अलग है। मैं हमेशा एक साधारण इंसान का किरदार निभाता हूं, लेकिन उसकी जिंदगी में परिस्थितियां असाधारण होती हैं। इस फिल्म में भी प्रेम बिहार से आए एक परिवार का हिस्सा है और उसे एक मारवाड़ी लड़की से प्यार हो जाता है। कहानी में दो अलग-अलग संस्कृतियों का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है। फिल्म में छठ पूजा से लेकर तोरण की रस्म तक दिखाई गई है। यह दोनों परिवारों की परंपराओं को अपनाने और उनका सम्मान करने की कहानी है।
सवाल: अक्सर सोशल मीडिया पर कहा जाता है कि रिश्ते में रहना है या नहीं, इसका फैसला हमेशा लड़की ही करती है। क्या आप भी ऐसा मानते हैं?
आयुष्मान खुराना: मुझे लगता है कि ऐसा हमेशा नहीं होता। रिश्ते में आगे बढ़ने या उससे बाहर आने का फैसला लड़का भी कर सकता है। यह जरूरी नहीं कि हर बार लड़की ही फैसला ले। हमारे यहां स्वयंवर की भी परंपरा रही है, जहां लड़की को अपना जीवनसाथी चुनने का अधिकार था। इसलिए रिश्तों को लेकर किसी एक तरह की सोच नहीं रखनी चाहिए।
सवाल: आपने कई फिल्मों में कलाकार और गायक की भूमिका निभाई है। क्या आपको लगता है कि एक कलाकार बनने के लिए दिल टूटना जरूरी है?
आयुष्मान खुराना: बिल्कुल नहीं। कलाकार बनने के लिए दिल टूटना जरूरी नहीं है। यह सब किताबी बातें हैं। अगर आप कुछ रचनात्मक करने के लिए खुद को तकलीफ और निराशा में डालेंगे, तो यह आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। एक कलाकार बनने के लिए जरूरी नहीं कि आप किसी रिश्ते में दुख या दर्द से गुजरें। आप खुश रहकर भी अच्छा काम कर सकते हैं।
सवाल: आपके मुताबिक शादी स्वर्ग में बनकर आती है या फिर यह दो लोगों के बीच समझौते, समझदारी और तालमेल पर निर्भर करती है?
आयुष्मान खुराना: जब आप बहुत छोटी उम्र में होते हैं, तो भावनाओं के आधार पर फैसले लेते हैं। खासकर 20 साल की उम्र में इंसान ज्यादा सोच-विचार नहीं करता और अपने दिल की सुनता है। लेकिन जैसे-जैसे उम्र और अनुभव बढ़ते हैं, आप रिश्तों को लेकर व्यावहारिक तरीके से सोचना शुरू कर देते हैं। आखिर में सही या गलत जैसा कुछ नहीं होता। जो आपके लिए सही है और जिसमें आप खुश हैं, वही फैसला लेना चाहिए।

शरवरी वाघ
सवाल: जब दो अलग-अलग संस्कृतियों और भाषाओं वाले परिवार एक होते हैं तो बच्चों की परवरिश और उन्हें परंपराओं से जोड़ने को लेकर कई सवाल आते हैं। आप इसे किस तरह देखती हैं?
शरवरी वाघ: मुझे लगता है कि जो बच्चे एक से ज्यादा भाषाएं सीखते हैं वे बहुत भाग्यशाली होते हैं। इससे उनकी समझ और चीजों को सीखने की क्षमता बेहतर होती है। मैंने अपने आसपास ऐसे कई बच्चों को देखा है जो हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और दूसरी भाषाओं में आसानी से बात करते हैं। इसी तरह अलग-अलग परंपराओं और संस्कृतियों को जानना भी बहुत खूबसूरत अनुभव है। हमें सभी परंपराओं और मान्यताओं का सम्मान करना चाहिए। बड़े होने के बाद हर व्यक्ति अपनी पसंद और विश्वास के अनुसार जीवन जीने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन दूसरों की मान्यताओं का सम्मान करना बेहद जरूरी है।
सवाल: जब आपने यह कहानी सुनी तो आपकी पहली प्रतिक्रिया क्या थी?
शरवरी वाघ: मुझे यह कहानी सुनते ही काफी जुड़ाव महसूस हुआ। एक लड़की के तौर पर मैं समझ सकती हूं कि कोई भी अपनी पूरी जिंदगी अपने परिवार के साथ बिताने के बाद उन्हें छोड़कर नहीं जाना चाहेगा। मैं भी चाहूंगी कि शादी के बाद अपने परिवार के आसपास या उसी शहर में रह सकूं। मुझे उम्मीद है कि यह कहानी बहुत-सी लड़कियों और लड़कों को प्रभावित करेगी। सबसे खास बात यह है कि बदलाव सिर्फ लड़कियों की तरफ से नहीं बल्कि लड़कों की तरफ से भी आना चाहिए। लड़कियां हमेशा से अपनी भावनाएं और इच्छाएं रखती आई हैं लेकिन कई बार उन्हें कह नहीं पातीं। मुझे उम्मीद है कि फिल्म का संदेश दर्शकों तक पहुंचेगा।
सवाल: फिल्म के ट्रेलर में एक सीन है, जहां आप रेलवे ट्रैक के सामने खड़ी नजर आती हैं। उस सीन को शूट करने का अनुभव कैसा था?
शरवरी वाघ: हमने यह सीन एक वास्तविक लोकेशन पर शूट किया था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर ट्रेन रोकने वाला कोई सीन करना पड़ेगा। हालांकि, मैं इस सीन के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताना चाहूंगी, क्योंकि इसके पीछे एक खास वजह है। फिल्म में प्रेम उस लड़की को सिर्फ देखकर आकर्षित नहीं होता बल्कि वह यह भी देखता है कि वह किसी चीज के लिए अपनी बात पर किस तरह खड़ी रहती है। यही बात उसके मन में लड़की के प्रति आकर्षण पैदा करती है।
सवाल: आपकी मुस्कान और अंदाज देखकर आपको माधुरी दीक्षित की याद आती है। इस तुलना को आप किस तरह लेती हैं?
शरवरी वाघ: सबसे पहले तो इस तारीफ के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। माधुरी दीक्षित जैसा कहना अपने आप में बहुत बड़ा कॉम्प्लिमेंट है। जब कोई अच्छा डांस करता है तो लोग अक्सर कहते हैं कि वह माधुरी दीक्षित की तरह डांस कर रहा है। वह अपने आप में एक पहचान और खूबसूरती की परिभाषा हैं। इसलिए उनसे मेरी तुलना करना मेरे लिए बहुत बड़ी तारीफ है। मैं इसे बेहद खास कॉम्प्लिमेंट के तौर पर स्वीकार करती हूं।
सवाल: दर्शकों से अपनी फिल्म 'प्रेम मोल लिया' को लेकर क्या अपील करना चाहेंगी?
शरवरी वाघ: मैं बस यही कहना चाहूंगी कि हमारी फिल्म 'प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। यह फिल्म सिनेमाघरों को आपके घर जैसा एहसास देगी। इसलिए आप अपने पूरे परिवार के साथ थिएटर आइए। हम सभी आपका स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि आपको हमारी फिल्म पसंद आएगी।