सुसुमु कितागावा, रिचर्ड रॉब्सन और उमर एम याघी को मिलेगा रसायन का नोबेल पुरस्कार

Edited By Updated: 08 Oct, 2025 07:24 PM

3 scientists win chemistry nobel 2025 for metal organic frameworks

सुसुमु कितागावा, रिचर्ड रॉब्सन और उमर एम. याघी को धातु-कार्बनिक ढांचे के विकास में उनके योगदान के लिए 2025 का रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार दिया गया। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने विजेताओं की घोषणा की। पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को नोबेल की...

 International Desk: सुसुमु कितागावा, रिचर्ड रॉब्सन और उमर एम याघी को धातु-कार्बनिक ढांचे के विकास में उनके कार्यों के लिए इस साल रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज के महासचिव हैंस एलेग्रेन ने बुधवार को रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार की घोषणा की। इससे पहले सोमवार को चिकित्सा और मंगलवार को भौतिकी के नोबेल पुरस्कार विजेताओं के नाम घोषित किए गए। इस वर्ष के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा बृहस्पतिवार को साहित्य पुरस्कार के साथ जारी रहेगी। शांति के नोबेल पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के पुरस्कार की घोषणा सोमवार को की जाएगी।

 

पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा जो इन पुरस्कारों के संस्थापक अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि है। नोबेल एक धनी स्वीडिश उद्योगपति और डायनामाइट के आविष्कारक थे। उनका निधन 1896 में हुआ था। साल 1901 से 2024 के बीच 195 व्यक्तियों को रसायन के नोबेल सम्मान से नवाजा जा चुका है। इस दौरान 116वीं बार यह पुरस्कार प्रदान दिया जाएगा। वर्ष 2024 का पुरस्कार सिएटल स्थित वाशिंगटन विश्वविद्यालय के जैव रसायन शास्त्री डेविड बेकर और लंदन स्थित ब्रिटिश-अमेरिकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता अनुसंधान प्रयोगशाला, गूगल डीपमाइंड के कंप्यूटर वैज्ञानिक डेमिस हसाबिस और जॉन जम्पर को दिया गया था। तीनों को जीवन के आधार, नए प्रोटीनों को डिकोड करने और डिजाइन करने की शक्तिशाली तकनीकों की खोज के लिए सम्मानित किया गया था।

 

उनके काम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित उन्नत तकनीकों का उपयोग किया गया था और इसमें नयी दवाओं और अन्य सामग्रियों के निर्माण के तरीके को बदलने की क्षमता है। साल 2025 के पहले नोबेल पुरस्कार की घोषणा सोमवार को की गई। इसके तहत चिकित्सा का पुरस्कार मैरी ई. ब्रुनको, फ्रेड रैमस्डेल और डॉ. शिमोन साकागुची को परिधीय प्रतिरक्षा सहिष्णुता से संबंधित उनकी खोजों के लिए दिए जाने की घोषणा की गई। मंगलवार को भौतिकी का नोबेल पुरस्कार जॉन क्लार्क, मिशेल एच. डेवोरेट और जॉन एम. मार्टिनिस को उप-परमाणु क्वांटम टनलिंग की विचित्र दुनिया पर उनके शोध के लिए प्रदान करने की घोषणा की गई।  

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!