चीन के AI सपने पर मंडराया संकट, शेयर बाजार में 44% की गिरावट से शी जिनपिंग की बढ़ी टेंशन

Edited By Updated: 22 Nov, 2026 03:49 PM

china economic crisis

चीन की अर्थव्यवस्था के सामने आई एक नई चुनौती खड़ी होती नजर आ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर में आई गिरावट और शेयर बाजार में मची उथल-पुथल ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की चिंता बढ़ा दी है। विश्लेषकों ने चेतावनी दी है कि अगर AI सेक्टर का बुलबुला...

China Economic Crisis : चीन की अर्थव्यवस्था के सामने आई एक नई चुनौती खड़ी होती नजर आ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर में आई गिरावट और शेयर बाजार में मची उथल-पुथल ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की चिंता बढ़ा दी है। विश्लेषकों ने चेतावनी दी है कि अगर AI सेक्टर का बुलबुला फूटता है, तो इसका असर न केवल चीन की तकनीकी महत्वाकांक्षाओं पर पड़ेगा, बल्कि देश की पूरी अर्थव्यवस्था भी इसकी चपेट में आ सकती है।

44% तक लुढ़का चीन का STAR 50 इंडेक्स

यार्डेनी रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में AI और टेक्नोलॉजी शेयरों में गिरावट अमेरिकी बाजार से भी ज्यादा गंभीर है। चीन का टेक्नोलॉजी आधारित STAR 50 इंडेक्स इस गर्मी में अपने उच्चतम स्तर से करीब 44 फीसदी नीचे आ चुका है। वहीं, अमेरिकी टेक शेयरों का प्रमुख इंडेक्स नैस्डैक अपने रिकॉर्ड स्तर से लगभग 18 फीसदी गिरा है। इस गिरावट ने चीन के बाजार में निवेशकों के भरोसे को भी प्रभावित किया है।

AI के लिए शेयर बाजार पर निर्भर है जिनपिंग की योजना

यार्डेनी रिसर्च का कहना है कि शी जिनपिंग चीन के बचतकर्ताओं को शेयर बाजार में निवेश के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं। इसका मकसद AI और दूसरी आधुनिक तकनीकों के विकास के लिए पूंजी जुटाना और अर्थव्यवस्था की रियल एस्टेट सेक्टर पर निर्भरता कम करना है। लेकिन शेयर बाजार में लगातार गिरावट इस योजना के सामने बड़ी बाधा बन रही है।

दरअसल, चीन में परिवारों की कुल संपत्ति का करीब 70 फीसदी हिस्सा रियल एस्टेट में लगा हुआ है। पिछले कुछ समय से हाउसिंग सेक्टर में जारी संकट ने लोगों की संपत्ति और खर्च करने की क्षमता को प्रभावित किया है। अक्टूबर के आंकड़ों के अनुसार, प्रॉपर्टी सेक्टर में निवेश में करीब 22 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इससे घरेलू मांग कमजोर हुई है और चीन की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा है।

निवेशकों का शेयर बाजार से उठ रहा भरोसा

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के शेयर बाजार में गिरावट के पीछे कई वजहें हैं। इनमें कंपनियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा, भारी टैक्स, ऊर्जा की बढ़ती लागत और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में टैरिफ से जुड़ी चिंताएं शामिल हैं। इसके अलावा, निवेशकों को डर है कि चीन के व्यापारिक साझेदार सस्ते चीनी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा सकते हैं।

साल 2020 में टेक सेक्टर पर सरकार की सख्त कार्रवाई के बाद से आम निवेशकों का भरोसा भी कमजोर हुआ है। बार-बार बाजार में आई गिरावट ने कई परिवारों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। यार्डेनी रिसर्च ने इसे 'फाइनेंशियल PTSD' यानी आर्थिक नुकसान से पैदा हुए मानसिक आघात का नाम दिया है।

AI का बुलबुला फूटा तो बढ़ सकती हैं मुश्किलें

यार्डेनी रिसर्च ने चेतावनी दी है कि अगर AI सेक्टर में गिरावट और गहरी होती है, तो चीन को कई मोर्चों पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। इससे निवेशकों की संपत्ति घट सकती है, देश की तकनीकी साख प्रभावित हो सकती है और AI विकास के लिए जरूरी फंडिंग भी कमजोर पड़ सकती है।

विश्लेषकों के मुताबिक, ऐसी स्थिति में AI सेक्टर पर सरकारी नियंत्रण बढ़ने की आशंका भी है, जिससे निजी कंपनियों के लिए काम करने और निवेश जुटाने की गुंजाइश कम हो सकती है।

पूंजी बाजार को स्थिर करना चीन की प्राथमिकता

चीन सरकार भी इस संकट की गंभीरता को समझ रही है। प्रधानमंत्री ली कियांग ने इस महीने की शुरुआत में स्टेट काउंसिल की उच्चस्तरीय बैठक में कहा था कि साल के शेष समय में पूंजी बाजार को स्थिर करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

विश्लेषकों का मानना है कि चीन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अपने AI विकास की रफ्तार बनाए रखने के साथ-साथ निवेशकों का भरोसा वापस जीतने की है। अगर शेयर बाजार में स्थिरता नहीं आती, तो शी जिनपिंग का AI के दम पर चीन की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का सपना मुश्किल में पड़ सकता है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!