Edited By Monika Jamwal,Updated: 04 Apr, 2018 08:16 PM
मध्य कश्मीर में गांदरबल जिला के कंगन इलाके में गत रात कथित पुलिस कार्रवाई में घायल युवक की अस्पताल में मौत के बाद गांदरबल सहित आसपास के क्षेत्रों में हिंसा हुई जिसमें 20 पुलिसकर्मियों सहित लगभग 60 लोग घायल हो गए।
श्रीनगर : मध्य कश्मीर में गांदरबल जिला के कंगन इलाके में गत रात कथित पुलिस कार्रवाई में घायल युवक की अस्पताल में मौत के बाद गांदरबल सहित आसपास के क्षेत्रों में हिंसा हुई जिसमें 20 पुलिसकर्मियों सहित लगभग 60 लोग घायल हो गए। घायलों में पुलिस का अतिरिक्त अधीक्षक (ए.एस.पी.) भी शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि 22 वर्षीय गौहर अहमद राथर पुत्र अब्दुल रहमान राथर की मंगलवार एस.के.आई.एम.एस. सौरा अस्पताल में मौत हो गई। गौहर गत रात कनगन इलाके में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़पों के दौरान घायल हो गया था।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गौहर को गोली लग गई थी। अस्पताल सूत्रों ने कहा कि गौहर को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया जहां से बाद में उसको श्रीनगर के एस.के.आई.एम.एस. अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक युवक का सी.टी. स्कैन से पता चला कि उसके दिमाग में कुछ मेटालिक चीज है। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि ऐसा लगता है कि उसके सिर में पेलेटों की बौछार की गई हैं।
प्रदर्शनकारियों ने किया था पत्थराव
वहीं, पुलिस के अनुसार सोमवार रात इलाके में प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पत्थराव किया। प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए सुरक्षाबलों ने कार्रवाई की जिसके दौरान मृतक गिर गया और उसको सिर में चोट आ गई। गोलियों से चोट लगने की रिपोर्ट पूरी तरह से झूठी हैं क्योंकि मौके पर कोई गोली नहीं चलाई गई।
इस बीच युवक की मौत की खबर फैलने के तुरन्त बाद आज कनगन और आसपास के इलाकों के लोगों ने प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए सुरक्षाबलों पर पत्थराव किया। उनको खदेडने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गेस और पेलेट गन का इस्तेमाल किया। वहीं, सुरक्षाबलों को हवाई फायरिंग का भी सहारा लेना पड़ा।