Edited By Parveen Kumar,Updated: 16 Nov, 2026 07:41 PM

गुजरात के मोरबी जिले में एक तेज रफ्तार कार राजमार्ग पर कई बार पलटने के बाद बिजली के खंभे से टकरा गई, जिसके कारण दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। शनिवार सुबह टंकारा के पास हुए इस...
नेशनल डेस्क : गुजरात के मोरबी जिले में एक तेज रफ्तार कार राजमार्ग पर कई बार पलटने के बाद बिजली के खंभे से टकरा गई, जिसके कारण दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। शनिवार सुबह टंकारा के पास हुए इस भीषण हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया । पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक राजकोट के रहने वाले थे और काम के सिलसिले में मोरबी जा रहे थे।
पुलिस ने कहा कि इसी दौरान एक मोड़ पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और कई बार पलटते हुए बिजली के खंभे से जा टकराई। टंकारा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीन लोगों में से दो उछलकर बाहर गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान कार चालक अमन बाबरिया (25) और प्रभात लमका (28) के रूप में हुई है। हादसे में बचे जीवन डाभी के बयान के आधार पर पुलिस ने बाबरिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।