Edited By Rahul Singh,Updated: 14 Oct, 2026 10:04 PM

दीपके ने कहा, 'जैसा कि आप जानते हैं, सौरव और आशुतोष को सिर्फ तिरंगा लहराने के लिए जेल में डाल दिया गया है। मैं तिरंगे से प्यार करने वाले सभी देशभक्तों से अपील करता हूं कि वे 16 अक्टूबर को शाम पांच बजे राष्ट्रीय ध्वज लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क...
नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 'देशभक्तों' से कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज लेकर एकत्र होने की अपील करते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि कॉजपा के सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका को "सिर्फ तिरंगा लहराने के लिए जेल में डाल दिया गया है।'' दीपके ने 'एक्स' पर कहा, ''हम दिखा देंगे कि तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है।''
उन्होंने उन लोगों से अपने-अपने शहरों में 'तिरंगा मार्च' निकालने की अपील की, जो दिल्ली नहीं आ सकते। उन्होंने आशंका जताई कि उन्हें भी जेल में डाला जा सकता है। यह अपील ऐसे दिन की गई, जब दास और रांका को शांति बनाए रखने के लिए दिए गए बॉण्ड की शर्तों का उल्लंघन करने और जंतर-मंतर में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने के आरोप में पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और तिहाड़ जेल में बंद कर दिया गया। जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से अब हटा दिया गया है। कॉजपा के सदस्यों ने तिरंगा हाथ में लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की थी। इसके बाद मंगलवार को पुलिसकर्मी उन्हें अपने साथ ले गए।
दीपके ने कहा, ''जैसा कि आप जानते हैं, सौरव और आशुतोष को सिर्फ तिरंगा लहराने के लिए जेल में डाल दिया गया है। मैं तिरंगे से प्यार करने वाले सभी देशभक्तों से अपील करता हूं कि वे 16 अक्टूबर को शाम पांच बजे राष्ट्रीय ध्वज लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क पहुंचें। हम दिखा देंगे कि तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है।'' उन्होंने कहा, ''जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वे शाम को अपने-अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालें और दिखाएं कि तिरंगा हमारा गौरव है।" दीपके ने कहा, "मुझे भी जेल में डाला जा सकता है, लेकिन मुझे इसकी चिंता नहीं है। तिरंगा मेरा गौरव है और मैं इसे लहराऊंगा।''