Edited By Yaspal,Updated: 22 Mar, 2024 04:52 PM
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन की वजह से दिल्ली की सड़कें जाम हैं। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने विशेष तैयारी...
नेशनल डेस्कः दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन की वजह से दिल्ली की सड़कें जाम हैं। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने विशेष तैयारी की हैं। सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कई सड़कें बंद कर रखी हैं। इसके साथ ही डीएमआरसी 2 मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन को बंद करने की शुक्रवार को घोषणा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। लोक कल्याण मार्ग पर ही प्रधानमंत्री का आवास स्थित है। पुलिस के निर्देश के बाद डीएमआरसी ने स्टेशन बंद करने की घोषणा की।
इससे पहले दिन में डीएमआरसी ने आईटीओ मेट्रो स्टेशन को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक बंद रखने की घोषणा की थी। डीएमआरसी ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘दिल्ली पुलिस की सलाह पर अगली सूचना तक आईटीओ मेट्रो स्टेशन के अलावा लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन भी बंद रहेगा।''
वहीं आज सुबह दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम आदमी पार्टी के प्रोटस्ट को देखते हुए लोगों के लिए एक ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है ताकि लोगों को दिक्कत ना हो। एडवायजरी में ट्रैफिक पुलिस ने बताया, "दिल्ली के 'DDU मार्ग पर राजनीतिक दल के विरोध पदर्शन को देखते हुए IP मार्ग, विकास मार्ग, मिंटो रोड और बहादुर शाह जफर मार्ग पर ट्रैफिक भारी रहेगा। DDU मार्ग ट्रैफिक मुवमेंट के लिए बंद रहेगा। कृपया इन सड़कों से बचें।"
इसके अलावा कुछ और सड़कें भी हैं जहां यातायात प्रभावित रहने वाला है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि, विशेष व्यवस्था के कारण कृष्ण मेनन मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, जनपथ, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर यातायात प्रभावित रह सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अगली सूचना मिलने तक इन रास्तों का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी है।