Edited By ,Updated: 05 May, 2015 04:18 PM
दूरदर्शन जल्द ही बताएगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक से क्या रिश्ता है।
नई दिल्ली: दूरदर्शन जल्द ही बताएगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक से क्या रिश्ता है। अब आप सोच रहे होंगे कि चंद्रगुप्त मौर्य की मृत्यु लगभग 2300 साल पहले हो गई थी और अशोक की लगभग 2200 साल पहले, तो ऐसे में मोदी का अशोक और चंद्रगुप्त मौर्य से क्या रिश्ता हो सकता है।
दरअसल दूरदर्शन पर जल्द ही एक ऐसा धारावाहिक प्रसारित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी, मौर्य सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक की जीवनियों को दिखाया जाएगा। चंद्रगुप्त मौर्य, सम्राट अशोक और नरेंद्र मोदी एक ही समुदाय के हैं- घांची समुदाय। घांची गुजरात का समुदाय है और मुख्यतः तेल के कारोबार से जुड़ा है। इनके अलावा धारावाहिक में ऐसी शख्सियतों की कहानियां भी दिखाई जाएंगी, जिन्होंने घांची समुदाय को गर्व करने का मौका दिया।
गत सोमवार को 'दीये जलते हैं' नाम के धारावाहिक का मुहूर्त किया गया, इस मौके पर नरेंद्र मोदी के बड़े भाई सोमभाई मोदी भी कार्यक्रम में मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार इस धारावाहिक के अक्तूबर महीने तक प्रसारित होने की संभावना है। धारावाहिक का निर्माण पुणे के सुरेश चौधरी ने किया है। उन्होंने बताया कि धारावाहिक के जरिए घांची समुदाय की कहानी बताई जाएगी। दूरदर्शन ने फिलहाल 128 कड़ियों के प्रसारण की इजाजत दे दी है। इस धारावाहिक की शूटिंग गुजरात के कई हिस्सों में होगी और साथ ही मोदी के पैतृक गावं वडनगर में भी शूटिंग की जाएगी।