Edited By ,Updated: 25 May, 2015 05:24 AM
शादी में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया।
यमुनानगर: शादी में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर उसके ससुराल पक्ष के 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में अभी आरोपी फरार हैं। मिली जानकारी के अनुसार आजाद नगर कालोनी निवासी रिंकी ने यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 7 मार्च 2015 को ज्योतिसर कुरुक्षेत्र में हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने काफी दान-दहेज देकर उसे विदा किया था। मगर शादी में दिए गए दहेज से उसका ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे।
शादी के बाद से ही वह उससे अधिक दहेज की मांग करने लगे मगर और अधिक दहेज देने में उसके मायके वाले असमर्थ थे। आरोप है कि शादी में दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके ससुराल पक्ष के सदस्यों बलदेव, बलबीर व विजय ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया और बिना दहेज वापस आने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने मायके पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।