Edited By Sarita Thapa,Updated: 29 Nov, 2026 12:10 PM

खुफिया सूत्रों के अनुसार, ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) की डिटेक्टिव ब्रांच (DB) ने रविवार तड़के, पूर्व स्पेशल ब्रांच (SB) प्रमुख और पुलिस के अतिरिक्त महानिरीक्षक (Additional IG) मोनिरुल इस्लाम की पत्नी और उनके दो सालों को हिरासत में लिया है।
ढाका [बांग्लादेश] : खुफिया सूत्रों के अनुसार, ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) की डिटेक्टिव ब्रांच (DB) ने रविवार तड़के, पूर्व स्पेशल ब्रांच (SB) प्रमुख और पुलिस के अतिरिक्त महानिरीक्षक (Additional IG) मोनिरुल इस्लाम की पत्नी और उनके दो सालों को हिरासत में लिया है। उन पर हिंसा और तोड़फोड़ की साजिश रचने का आरोप है। शेख हसीना की अवामी लीग सरकार के दौरान एक प्रमुख पुलिस अधिकारी रहे मोनिरुल इस्लाम फिलहाल फरार हैं। हालांकि, वे सोशल मीडिया पर लगातार इंटरव्यू दे रहे हैं, जिनमें वे जुलाई 2024 के जन-विद्रोह के खिलाफ और शेख हसीना के समर्थन में बातें कर रहे हैं।
हिरासत में लिए गए लोगों में मोनिरुल इस्लाम की पत्नी सायला फरजाना (जो लोक प्रशासन मंत्रालय में पूर्व अतिरिक्त सचिव रह चुकी हैं) और उनके दो भाई (साले) शामिल हैं, जिनमें रेजाउल आलम शाहीन भी हैं। DB की टीमों ने राजधानी के मीरपुर DOHS और राकिन सिटी में तड़के एक साथ छापेमारी की। पुलिस सूत्रों का दावा है कि सायला फरजाना अपने फरार पति के इशारे पर हिंसा और तोड़फोड़ की साजिश रचने में शामिल थीं।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक साले की पत्नी को भी कुछ देर के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया क्योंकि उसका एक छोटा बच्चा है जिसे वह स्तनपान कराती है। BCS 17वें बैच की प्रशासन कैडर अधिकारी सायला फरजाना को 8 सितंबर, 2024 को ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) बनाया गया। वहीं, उनके पति मोनिरुल इस्लाम को जबरन रिटायर कर दिया गया है और वे जुलाई 2024 के बड़े जन-विद्रोह के बाद से ही छिपे हुए हैं।