'AAP ने ऐसे उम्मीदवार को क्यों मैदान में उतारा है?', आम आदमी पार्टी के आरोपों पर बांसुरी स्वराज का पलटवार

Edited By Yaspal,Updated: 03 Mar, 2024 11:53 PM

bansuri swaraj s counterattack on aam aadmi party s allegations

आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से बांसुरी स्वराज को उम्मीदवार बनाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए रविवार को दावा किया कि स्वराज ने एक वकील के रूप में अदालत में राष्ट्र-विरोधी ताकतों का प्रतिनिधित्व...

नेशनल डेस्कः आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से बांसुरी स्वराज को उम्मीदवार बनाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए रविवार को दावा किया कि स्वराज ने एक वकील के रूप में अदालत में राष्ट्र-विरोधी ताकतों का प्रतिनिधित्व किया है। बांसुरी स्वराज ने इन आरोपों को लेकर दिल्ली में सत्तारूढ़ ‘आप' पर पलटवार करते हुए उसके उम्मीदवार पर सवाल खड़े किए।

दिल्ली सरकार में शिक्षा मंत्री आतिशी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा की दिवंगत नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को अदालत में राष्ट्र-विरोधी ताकतों का पक्ष लेने के लिए देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। आतिशी ने यह भी मांग की कि भाजपा बांसुरी की जगह किसी और को नयी दिल्ली सीट से उम्मीदवार बनाए।

‘आप' की वरिष्ठ नेता आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘ बांसुरी स्वराज ने बार-बार अदालत में भगोड़े कारोबारी ललित मोदी का बचाव किया है, जो लाखों करोड़ रुपये का गबन करके देश से भाग गया है। वर्ष 2012 से 2014 तक स्वराज ने ललित मोदी के पासपोर्ट मामले में निचली अदालतों से लेकर उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय तक लगातार उसका बचाव किया।''

आतिशी ने दावा करते हुए कहा, ‘‘खंडपीठ का आदेश आने से पहले वह अपना पासपोर्ट लेकर भाग गया और तब से वापस नहीं लौटा है। इतना ही नहीं, ललित मोदी ने ट्वीट के जरिए बांसुरी स्वराज को उनका मामला लड़ने के लिए धन्यवाद भी दिया था। '' आतिशी ने दावा किया कि जब मणिपुर में हिंसा के दौरान दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया गया, तब बांसुरी स्वराज उच्चतम न्यायालय में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के पक्ष में खड़ी थीं।

आतिशी ने आरोप लगाया, ‘‘बांसुरी स्वराज ने नयी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से मीनाक्षी लेखी की जगह ली है। उन्होंने अदालतों में राष्ट्र-विरोधी शक्तियों का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने चंडीगढ़ के महापौर का प्रतिनिधित्व किया, जो हाल के चुनाव में धोखाधड़ी से चुने गए थे। स्वराज ने 2012 से 2014 तक अदालतों में भगोड़े कारोबारी ललित मोदी का भी प्रतिनिधित्व किया है।'' उन्होंने यह भी मांग की कि भाजपा निर्वाचन क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बदले।

बांसुरी स्वराज ने आतिशी के इन आरोपों पर पलटवार करते हुए आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार पर भी सवाल उठाया, जिन्हें शनिवार को राजेंद्र नगर में उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ता ने कथित तौर पर पीटा था। बांसुरी ने ‘आप' के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, ‘‘ मैं आम आदमी पार्टी से पूछना चाहती हूं - आपने ऐसे उम्मीदवार को क्यों मैदान में उतारा है, जिसे कल (शनिवार) राजेंद्र नगर में उसकी खुद की पार्टी के कार्यकर्ता ने पीटा था? ''

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है, जो उनकी अपनी पार्टी के सदस्यों को पसंद नहीं है। वे हम पर आरोप लगा सकते हैं लेकिन जनता उन्हें चुनाव में जवाब देगी।'' आम आदमी पार्टी ने नई दिल्ली सीट से सोमनाथ भारती को अपना उम्मीदवार बनाया है।

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!