युवा कांग्रेस ने मेटा के खिलाफ अभियान शुरू किया, कहा- मेटा, BJP का बेटा

Edited By Updated: 24 Nov, 2026 07:52 PM

congress launches campaign against meta says meta is bjp son

युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया दिग्गज मेटा पर राजनीतिक पक्षपात करने और फर्जी खबरों को फैलने देने तथा घृणा भाषणों पर कार्रवाई नहीं कर भाजपा का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए बेंगलुरु में उसके खिलाफ होर्डिंग अभियान शुरू किया है।

बेंगलुरुः युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया दिग्गज मेटा पर राजनीतिक पक्षपात करने और फर्जी खबरों को फैलने देने तथा घृणा भाषणों पर कार्रवाई नहीं कर भाजपा का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए बेंगलुरु में उसके खिलाफ होर्डिंग अभियान शुरू किया है। युवा कांग्रेस ने 'मेटा, बीजेपी का बेटा' नाम से चलाए जा रहे अभियान के तहत केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रोड पर एक बड़ा होर्डिंग लगाया गया है। इसमें मेटा के संस्थापक मार्क जकरबर्ग को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ी पोशाक पहने हुए दिखाया गया है।

बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रास्ते में सदाहल्ली गेट के पास लगे एक बड़े होर्डिंग में जकरबर्ग को खाकी पैंट और सफेद कमीज पहने दिखाया गया है, जिसके साथ मेटा का लोगो और उसका होलोग्राम भी है। इसमें उन्हें काले रंग की आरएसएस टोपी पहने और माथे पर सिंदूरी तिलक लगाए हुए भी दिखाया गया है। युवा कांग्रेस द्वारा लगाई गई होर्डिंग में जकरबर्ग को 'मार्क बीजेपी-बर्ग' बताते हुए 'मेटा, बीजेपी का बेटा' का नारा लिखा है। इसके जरिये राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी की युवा इकाई ने सोशल मीडिया मंच के केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी से राजनीतिक रूप से जुड़े होने के अपने आरोपों को रेखांकिया किया है।

युवा कांग्रेस ने मेटा पर आरोप लगाया है कि वह घृणा भाषण को रोकने के मामले में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाती है, और फर्जी खबरों को प्रसारित होने देती है। उसका दावा है कि यह सोशल मीडिया कंपनी राजनीतिक दबाव के आगे झुक जाती है। हवाई अड्डा रोड पर चिक्काजाला और अन्य जगहों पर बड़े फ्लेक्स बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। इस सड़क पर यातायात का बहुत अधिक दबाव रहता है और यहां से कई जानी-मानी हस्तियां गुजरती हैं। इस अभियान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)या मेटा की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है। जकरबर्ग की कंपनी मेटा के स्वामित्व में फेसबुक, व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम आते हैं। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!