Edited By Purnima Singh,Updated: 24 May, 2026 02:00 PM

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी फिल्म या फैशन नहीं बल्कि लंदन स्थित उनकी आलीशान प्रॉपर्टी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंदन के पॉश इलाके ‘नॉटिंग हिल’ में खरीदी गई उनकी हवेली को लेकर...
नेशनल डेस्क : बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी फिल्म या फैशन नहीं बल्कि लंदन स्थित उनकी आलीशान प्रॉपर्टी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंदन के पॉश इलाके ‘नॉटिंग हिल’ में खरीदी गई उनकी हवेली को लेकर स्थानीय पड़ोसियों और दंपति से जुड़ी कंपनी के बीच विवाद गहराता जा रहा है। पड़ोसियों ने इलाके के माहौल और प्रॉपर्टी वैल्यू पर असर पड़ने की आशंका जताई है।
₹51 करोड़ के पांच फ्लैट खरीदने पर बढ़ा विवाद
रिपोर्ट के अनुसार, सोनम कपूर और आनंद आहूजा से जुड़ी कंपनी ने उनकी हवेली के पास स्थित एक दूसरी बिल्डिंग में करीब 51 करोड़ रुपये मूल्य के पांच फ्लैट खरीदे हैं। दावा किया जा रहा है कि इन फ्लैट्स का इस्तेमाल हवेली में काम करने वाले स्टाफ और कर्मचारियों के रहने के लिए किया जा सकता है। इसी बात को लेकर इलाके के कई स्थानीय निवासी नाराज हैं। उनका कहना है कि इससे नॉटिंग हिल जैसे हाई-प्रोफाइल रिहायशी इलाके का माहौल बदल सकता है।
‘सोशल हाउसिंग’ को लेकर धमकी का आरोप
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि जब पड़ोसियों ने इस योजना का विरोध किया, तो कंपनी के प्रवक्ता की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि अगर विरोध जारी रहा तो इन फ्लैट्स को ‘सोशल हाउसिंग’ में बदला जा सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे इलाके की प्रॉपर्टी की कीमतों पर असर पड़ सकता है। हालांकि सोनम कपूर की टीम ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनके प्रतिनिधियों का कहना है कि ये फ्लैट केवल निवेश के उद्देश्य से खरीदे गए हैं और इसमें सोनम कपूर की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है।
2023 में खरीदी थी 270 करोड़ की हवेली
सोनम कपूर और आनंद आहूजा ने साल 2023 में नॉटिंग हिल में लगभग 21 मिलियन पाउंड यानी करीब 270 करोड़ रुपये में एक पुरानी और जर्जर हवेली खरीदी थी। करीब 200 साल पुरानी इस प्रॉपर्टी को खरीदने के बाद दोनों ने इसके बड़े स्तर पर पुनर्निर्माण की योजना पेश की थी। प्रस्ताव के अनुसार, हवेली का बाहरी ढांचा बरकरार रखते हुए अंदर का पूरा हिस्सा नए तरीके से तैयार किया जाना था। योजना में बेसमेंट स्विमिंग पूल और बास्केटबॉल कोर्ट जैसी सुविधाएं शामिल थीं। शुरुआत में इस प्रोजेक्ट को लेकर विवाद हुआ, लेकिन बाद में इसे मंजूरी मिल गई।
पड़ोसियों ने जताई चिंता
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस इलाके में एक शांत और व्यवस्थित कम्युनिटी बनाई थी, लेकिन अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं।
एक पड़ोसी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हमें अपनी बात रखने से डराया जा रहा है। ऐसा लग रहा है कि कुछ अरबपति इस इलाके को अपनी निजी जगह बनाना चाहते हैं। सोशल हाउसिंग की बात कहना भी एक अजीब तरह की धमकी जैसा है।”