Edited By Rohini Oberoi,Updated: 02 Aug, 2026 10:24 AM

अमेरिका में एक बार फिर से मास शूटिंग की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर स्थित एक व्यस्त शॉपिंग मॉल में शनिवार को एक सिरफिरे ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस भीषण गोलीबारी में 2 मासूम नागरिकों की मौत हो गई जबकि 2...
इडाहो, अमेरिका : अमेरिका में एक बार फिर से मास शूटिंग की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर स्थित एक व्यस्त शॉपिंग मॉल में शनिवार को एक सिरफिरे ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस भीषण गोलीबारी में 2 मासूम नागरिकों की मौत हो गई जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जवाबी मुठभेड़ में हमलावर को भी मौके पर ही ढेर कर दिया है।
इस मौके पर ट्विन फॉल्स पुलिस चीफ मैथ्यू हिक्स ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फायरिंग मॉल के अंदर स्थित 'इन-एन-आउट' (In-N-Out) बर्गर रेस्टोरेंट के पास हुई। भारतीय समयानुसार शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे हमलावर अपने साथ AR-स्टाइल की राइफल लेकर आया था। उसने रेस्टोरेंट के पार्किंग लॉट में खड़े और घूम रहे बेकसूर लोगों पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हमलावर को घेर लिया। पुलिस ने उसे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन हमलावर ने पुलिस पर भी फायरिंग जारी रखी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस स्नाइपर्स ने हमलावर को गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। करीब एक घंटे के भीतर स्थिति पर काबू पा लिया गया। फिलहाल हमलावर की पहचान और इस हमले के पीछे के मकसद की जांच की जा रही है।
फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से ट्विन फॉल्स पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। जिसके बाद शॉपिंग मॉल, आसपास की मुख्य सड़कों और पास के एक पुल को पूरी तरह से बंद करके गहन तलाशी अभियान चलाया गया। पूरे परिसर की जांच के बाद पुलिस को कोई अन्य संदिग्ध व्यक्ति या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। एहतियात के तौर पर पूरे इडाहो क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया।
वहीं सोशल मीडिया पर इस भयानक गोलीबारी के वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें हमलावर को गोलियां चलाते और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हुए दिख रहे हैं।