Edited By Parveen Kumar,Updated: 28 Nov, 2026 09:48 PM

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर अपने सहयोगी दलों के साथ आंध्र प्रदेश के नेताओं जगन मोहन रेड्डी और चंद्रबाबू नायडू का भी आह्वान किया कि वे ''जाग जाएं'', क्योंकि लोकतंत्र की हत्या हो...
नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर अपने सहयोगी दलों के साथ आंध्र प्रदेश के नेताओं जगन मोहन रेड्डी और चंद्रबाबू नायडू का भी आह्वान किया कि वे ''जाग जाएं'', क्योंकि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। उन्होंने यह अपील ऐसे समय की है जब कांग्रेस की पूर्व सहयोगी द्रमुक और वर्तमान सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) ने संविधान संशोधन विधेयकों का समर्थन करने का फैसला किया है।
राहुल गांधी ने इस मामले पर संवाददाताओं से कहा कि उनका संदेश उन सभी लोगों के लिए है जो भारतीय लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं, चाहे वे कांग्रेस के साथ हों या किसी अन्य दल के साथ, यहां तक कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के लिए भी उनका यही संदेश है। उन्होंने कहा, ''मैं जगन से यह कह रहा हूं, मैं चंद्रबाबू नायडू जी से यह कह रहा हूं और उनके सहयोगियों से भी कह रहा हूं कि भारतीय लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। कृपया जाग जाइए।''
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का यह भी कहना था कि उनके गठबंधन के सभी सहयोगी इस मुद्दे पर उनके साथ पूरी तरह एकजुट हैं, लेकिन कुछ लोग अभी उनके रुख से सहमत नहीं हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि असली मुद्दा लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कुछ कर लें, वो अपनी हार को लंबे समय तक नहीं टाल सकते क्योंकि देश में भयंकर गुस्सा है।
उनका कहना था, ''मेरे शब्द याद रखिए, आज नहीं तो कल वे हारेंगे। आप चुनावों में धांधली करें, परिसीमन कराएं या लोकसभा की सीटें 850 कर दें, इससे यह गुस्सा कम नहीं होने वाला है।'' उन्होंने युवाओं, खासकर 'जेन जी' की सराहना करते हुए कहा कि उनमें डर नहीं है और उनके भीतर देशभक्ति की असल भावना है। राहुल गांधी ने कहा कि जब वह जेन जी को प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के सामने डटकर खड़े होते और लाठीचार्ज का सामना करते देखते हैं तो उन्हें खुशी होती है। उनका कहना था, ''यह देखकर अच्छा लगता है कि इस देश में निडर युवा और निडर लोग हैं। यह शर्म की बात है कि कई लोग डरपोक हो गए हैं।''