Edited By Parveen Kumar,Updated: 06 Oct, 2026 10:04 PM

महाराष्ट्र के वसई में अपने बेटे और उसके दोस्त के वर्षों से किए जा रहे कथित शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर एक 84 वर्षीय बुजुर्ग ने लोकल ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से पहले बुजुर्ग ने अपनी बेटी से मुलाकात कर...
नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के वसई में अपने बेटे और उसके दोस्त के वर्षों से किए जा रहे कथित शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर एक 84 वर्षीय बुजुर्ग ने लोकल ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से पहले बुजुर्ग ने अपनी बेटी से मुलाकात कर उसे एक बैग सौंपा था, जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज, पैसे और एक सुसाइड नोट मौजूद था। मृतक की पहचान गेब्रियल डोमिनिक कॉउटिन्हो (84) के रूप में हुई है।
मृतक की बेटी रूपा नोएल चिरायत द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनका भाई श्याम कॉउटिन्हो पिछले 12 से 13 वर्षों से मामूली बातों को लेकर अपने पिता को प्रताड़ति कर रहा था। शिकायत में बताया गया कि 26 सितंबर को अंडे के टूटे छिलके को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद श्याम ने अपने वृद्ध पिता के साथ मारपीट की। इसके बाद श्याम के दोस्त सागर ने भी कथित तौर पर बुजुर्ग की पिटाई की। दोनों पर बुजुर्ग के खाने की थाली छीनने, उन्हें भूखा रखने और घर से बाहर निकालने का भी आरोप है।
इस घटना के बाद 28 सितंबर को कॉउटिन्हो अपनी बेटी के स्कूल के पास उससे मिले और उसे जरूरी कागजात व पैसों से भरा बैग सौंपा। इसके बाद वे नायगांव रेलवे स्टेशन पहुंचे और सामने से आ रही लोकल ट्रेन के आगे कूद गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बेटी ने जब बाद में बैग की जांच की, तो उसमें एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में कॉउटिन्हो ने लिखा था कि वे अपने बेटे श्याम और उसके दोस्त सागर की लगातार जारी प्रताड़ना को सहन करने में असमर्थ होने के कारण अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहे हैं।
इस बीच, प्रताड़ना का एक कथित वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। घटना के बाद भायंदर रेलवे पुलिस ने आरोपी बेटे श्याम और उसके दोस्त सागर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपों की गहनता से जांच और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाना शुरू कर दिया है।