Edited By Anu Malhotra,Updated: 26 Nov, 2026 02:36 PM

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पाकिस्तान से जुड़ा कंटेंट भारत में सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध न हो। मंत्रालय ने 8 मई, 2025 की अपनी एडवाइजरी को दोहराते हुए यह निर्देश दिया है। यह कदम पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो...
नई दिल्ली: सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने Netflix से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पाकिस्तान से जुड़ा कंटेंट भारत में सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध न हो। मंत्रालय ने 8 मई, 2025 की अपनी एडवाइजरी को दोहराते हुए यह निर्देश दिया है। यह कदम पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' के भारत में रिलीज होने की संभावना को लेकर मिली शिकायतों के बाद उठाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रालय ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से कहा है कि वह इस एडवाइजरी का पालन करे और वही रुख बनाए रखे, जो उसने पिछले साल जून में सरकार को बताया था।
उस समय, Netflix ने मंत्रालय को सूचित किया था कि उसने पाकिस्तान से जुड़ी कोई भी फिल्म या सीरीज भारत में अपने सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध नहीं कराई है। सरकार ने अब प्लेटफॉर्म से अपने उस वादे पर कायम रहने को कहा है। यह ताजा निर्देश मंत्रालय को मिली उन कई शिकायतों और अभ्यावेदनों के बाद आया है, जिनमें भारत में नेटफ्लिक्स पर 'जो बचे हैं संग समेट लो' के उपलब्ध होने की संभावना जताई गई थी।
खबरों के अनुसार, इस पाकिस्तानी वेब सीरीज का प्रीमियर 4 दिसंबर, 2026 को होना है। कई लोगों ने नेटफ्लिक्स से मांग की है कि इस शो को रिलीज से पहले ही भारत के कैटलॉग से हटा दिया जाए। यह घटनाक्रम 8 मई, 2025 को जारी मंत्रालय की उस एडवाइजरी के संदर्भ में हुआ है, जिसमें भारत में काम करने वाले OTT प्लेटफॉर्म, मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं और डिजिटल मध्यस्थों (इंटरमीडियरीज) को पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट को हटाने का निर्देश दिया गया था।
इस एडवाइजरी में डिजिटल मनोरंजन के कई रूप शामिल थे, जैसे वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य स्ट्रीमिंग कंटेंट- चाहे वे पेड सब्सक्रिप्शन के जरिए उपलब्ध हों या फ्री सर्विस के जरिए। यह एडवाइजरी 22 अप्रैल, 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी की गई थी। इस हमले में कई लोगों की जान चली गई थी और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। मंत्रालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया और भारत में हुए कई आतंकी हमलों में सीमा पार से जुड़े संबंधों का जिक्र किया।
इसके साथ ही, मंत्रालय ने 'सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यवर्ती दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021' के प्रावधानों का भी उल्लेख किया। इस बीच, कई संगठनों ने भारतीय दर्शकों से अपील की है कि अगर नेटफ्लिक्स इस सीरीज को रिलीज करता है, तो वे अपना सब्सक्रिप्शन रद्द कर दें। उन्होंने सरकार से यह भी मांग की है कि वह एक स्थायी कानूनी प्रावधान लाए, जिसके तहत भारतीय प्लेटफॉर्मों पर पाकिस्तानी फिल्मों, टीवी शो, कलाकारों और अन्य मनोरंजन सामग्री के दिखाए जाने पर रोक लगाई जा सके।