Edited By ,Updated: 30 Jul, 2016 07:56 PM
हरक सिंह रावत के खिलाफ बलात्कार के मामले के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए भाजपा ने आज कहा कि राजनीति की ...
देहरादून: हरक सिंह रावत के खिलाफ बलात्कार के मामले के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए भाजपा ने आज कहा कि राजनीति की उनकी मुखर शैली की वजह से हो सकता है उनके विरोधियों ने पूर्व मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज कराया हो। रावत उन नौ कांग्रेस विधायकों में शामिल हैं जिन्हें हरीश रावत सरकार के खिलाफ बगावत करने के बाद अयोग्य ठहराया गया था।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने कहा, ‘‘यद्यपि हमारे पास मामले का अब तक विवरण नहीं है लेकिन पुलिस को मामले की जांच की अनुमति दी जानी चाहिए और कानून अपना काम करेगा। लेकिन इसके पीछे साजिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हरक सिंहजी की राजनीति की बेहद मुखर शैली है जिसकी वजह से वह लगातार सुर्खियों में रहते हैं। इसकी वजह से हो सकता है उनके राजनैतिक विरोधियों ने उनके खिलाफ मामला गढ़ा हो।’’
रूद्रप्रयाग के पूर्व विधायक के खिलाफ शुक्रवार को दिल्ली के सफदरजंग थाने में बलात्कार का एक मामला दर्ज किया गया। उनके खिलाफ पूर्व में भी एेसे मामले दर्ज किए गए हैं। जहां 2003 में सीबीआई से उन्हें क्लीन चिट मिली, वहीं 2014 में उनके खिलाफ छेडख़ानी का एक मामला दर्ज किया गया जिसे बाद में शिकायत करने वाली महिला ने वापस ले लिया। हरक सिंह अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनके साथ अयोग्य ठहराए गए आठ अन्य कांग्रेस विधायक भी भाजपा में शामिल हो गए हैं।