Edited By Parveen Kumar,Updated: 27 May, 2026 08:31 PM

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से किराए के घरों में चल रहे देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। केंद्रीय अपराध शाखा की महिला सुरक्षा टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी कर इस अवैध धंधे में 9 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये आरोपी...
नेशनल डेस्क : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से किराए के घरों में चल रहे देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। केंद्रीय अपराध शाखा की महिला सुरक्षा टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी कर इस अवैध धंधे में 9 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये आरोपी महिलाएं अन्य युवतियों को बंधक बनाकर उनसे जबरन इस घिनौने काम को अंजाम देती थी।
पुलिस को मिली सूचना
पुलिस को पिछले कुछ समय से इन इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। पुख्ता जानकारी और मुखबिरों के इनपुट के आधार पर CCB की टीम ने अलग-अलग तारीखों पर छापेमारी को अंजाम दिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 पीड़ित महिलाओं को तस्करों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाया (रेस्क्यू किया) है, जिन्हें जबरन इस दलदल में धकेला गया था।
फोन के जरिए चलता था 'नेटवर्क'
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी महिलाएं अधिक मुनाफे और लालच के चक्कर में फोन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क साधती थीं। सौदा तय होने के बाद ग्राहकों को उन्हीं किराए के मकानों पर बुलाया जाता था। थाने में मामला दर्ज: इस पूरे रैकेट को लेकर शहर के कामाक्षीपाल्या, विद्यारण्यपुरा और बसवेश्वरनगर पुलिस थानों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस पकड़ी गई महिलाओं से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के मुख्य सरगना और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी जल्द ही संभव है।