Edited By Parveen Kumar,Updated: 27 May, 2026 09:27 PM

उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बिसंडा कस्बे में बुधवार शाम बालू से लदे ट्रक के नीचे आने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बिसंडा कस्बे में बुधवार शाम बालू से लदे ट्रक के नीचे आने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बांदा के अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर शिवराज ने बताया कि बुधवार शाम करीब पौने पांच बजे बिसंडा कस्बे से पहले लौली-शिव गांव के नजदीक बालू से लदे ट्रक ने घूरी गांव के सेवानिवृत शिक्षक रामेश्वर (61) को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल में ही मौत हो गई। शिवराज ने बताया कि शिक्षक की मौत के बाद कुछ लोगों ने भाग रहे ट्रक का मोटरसाइकिल से पीछा किया, इसी दौरान हड़बड़ाहट में ट्रक ड्राइवर ने बिसंडा कस्बे के आगे ओरन रोड़ पर नाथू तालाब के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी जिसके बाद ट्रक पलट गया।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में रिक्शा पर सवार चार लोगों-- ममता (48), राकेश (45), शाहबाज (12) और नवीन (40) की घटनास्थल में मौत हो गई है जो कुर्रही गांव के रहने वाले थे। शिवराज ने बताया कि इस सड़क हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रक पलटने के बाद ट्रक चालक भाग गया है जिसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।