अनुच्छेद-370 को निरस्त करने से कश्मीरी युवाओं में अलगाववाद की भावना समाप्त हुई : अमित शाह

Edited By Updated: 21 Nov, 2026 05:36 PM

impact revoking article 370 is visible mindset kashmiri youth changed amit shah

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि 2019 में जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद-370 को निरस्त किए जाने से कश्मीरी युवाओं में अलगाववादी भावनाएं खत्म हो गईं, और 35 वर्षों की हिंसा व अशांति के बाद अब घाटी का एक भी...

ईटानगरः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि 2019 में जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद-370 को निरस्त किए जाने से कश्मीरी युवाओं में अलगाववादी भावनाएं खत्म हो गईं, और 35 वर्षों की हिंसा व अशांति के बाद अब घाटी का एक भी स्थानीय युवा आतंकवाद में शामिल नहीं है।

केंद्रीय गृह मंत्री ईटानगर के पास बंदरदेवा में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम के दौरान अरुणाचल प्रदेश पुलिस को 'राष्ट्रपति पुलिस ध्वज' प्रदान किया गया। शाह ने कहा, ''गत 35 साल से अधिक समय तक चली हिंसा के बाद, अब कश्मीर घाटी का एक भी स्थानीय युवा आतंकवाद में शामिल नहीं है।''

उन्होंने 90 के दशक के मुश्किल दौर को याद करते हुए कहा कि अनुच्छेद-370 हटाए जाने के बाद कश्मीर घाटी के हालात में बहुत बड़ा बदलाव आया है। विपक्षी दलों का दावा था कि अब निरस्त हो चुके संवैधानिक प्रावधान का आतंकवाद से कोई संबंध नहीं था और उन्होंने सरकार के कदम की आलोचना की थी। इसका जवाब देते हुए शाह ने कहा कि घाटी में हुए घटनाक्रमों ने कुछ और ही साबित किया है।

उन्होंने कहा कि कश्मीर घाटी में आया बदलाव केवल आतंकवादियों को खत्म करने से ही नहीं आया, बल्कि कश्मीर के युवाओं के बीच भेदभाव और अलगाव के माहौल को समाप्त करने से भी आया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों ने स्थायी शांति की संभावनाओं को और मजबूत किया है। शाह ने कहा कि कश्मीर में आया बदलाव देश के लिए बहुत गर्व की बात है और यह सुरक्षाबलों तथा खुफिया एजेंसियों के बलिदान एवं समर्पण को दर्शाता है।

उन्होंने 90 के दशक के उथल-पुथल भरे दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय आतंकवाद अपने चरम पर था और इस बात पर संदेह था कि देश कश्मीर को कब तक अपने पास बनाए रख पाएगा। शाह ने कहा, ''राज्य के मुख्यमंत्री भी इंग्लैंड चले गए थे, जबकि सुरक्षाबलों ने अपने साहस और बलिदान के जरिए यह सुनिश्चित किया कि घाटी देश के बाकी हिस्सों से जुड़ी रहे।''

उन्होंने कहा, ''आज, परशुराम जी की इस पवित्र भूमि से, मैं पूरे देश को गर्व के साथ बताना चाहता हूं कि अनुच्छेद-370 को हटाए जाने से कश्मीर के युवाओं के बीच अलगाव की भावना खत्म हो गई है। यह इस तथ्य से साबित होता है कि आज कश्मीर घाटी में एक भी कश्मीरी युवा आतंकवाद में शामिल नहीं है।'' शाह ने कहा कि कश्मीर में आया बदलाव केवल आतंकवादियों के खात्मे तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इससे युवा पीढ़ी की सोच में भी बदलाव आया है, अलगाववादी प्रवृत्तियों की जगह अब शांति और विकास की उम्मीदों ने ले ली है।

उन्होंने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में घाटी में विकास ने गति पकड़ी है, और आने वाले वर्षों में कश्मीर के लिए बहुत अच्छी संभावनाएं हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने विश्वास जताया कि घाटी में आया बदलाव स्थायी शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह अनुभव राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और पूरे देश में विकास को बढ़ावा देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!