Edited By Radhika,Updated: 17 Jul, 2026 05:08 PM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि यदि पश्चिम एशिया जैसी मौजूदा संघर्ष की स्थिति 2014 से पहले पैदा हुई होती, तो भारतीय रेल का पहिया थम जाता क्योंकि उस समय अधिकतर ट्रेन डीजल से चलती थीं। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के पिछले 12 वर्ष में...
नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि यदि पश्चिम एशिया जैसी मौजूदा संघर्ष की स्थिति 2014 से पहले पैदा हुई होती, तो भारतीय रेल का पहिया थम जाता क्योंकि उस समय अधिकतर ट्रेन डीजल से चलती थीं। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के पिछले 12 वर्ष में रेलवे नेटवर्क का लगभग 99 प्रतिशत विद्युतीकरण किया जा चुका है। हरियाणा में जींद से सोनीपत के बीच भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के आने के बाद भारतीय रेलवे में हुए बड़े बदलावों के कारण देश को एक और लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन के साथ भारत ने हरित परिवहन की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''आप देख रहे हैं कि पिछले कई महीनों से पश्चिम एशिया में युद्ध हो रहा है।
होर्मुज जलडमरूमध्य सहित पूरे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, जिसमें ईरान और खाड़ी के देश शामिल हैं। इसी समुद्री मार्ग से भारत को बड़ी मात्रा में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस और किसानों के लिए उर्वरक मिलते हैं। लेकिन पिछले तीन-चार महीनों से यह मार्ग लगातार संघर्ष का क्षेत्र बना हुआ है।'' मोदी ने पूछा कि यदि ऐसी स्थिति 2014 में उनकी सरकार आने से पहले पैदा होती, तो क्या होता? उन्होंने कहा, ''भारतीय रेलवे का पूरा कामकाज ठप पड़ जाता। उस समय देश का बड़ा हिस्सा ऐसा था, जहां ट्रेनें केवल डीजल से चलती थीं। यदि उस समय डीजल की आपूर्ति बाधित हो जाती, तो डीजल इंजन वाली ट्रेनें कैसे चलतीं?'' प्रधानमंत्री ने कहा, ''देश एक बड़े संकट का सामना करता। लेकिन साथियों, यह 2014 वाली स्थिति नहीं है। मोदी पहले से सोचता है और समस्याओं के समाधान को धरातल पर उतारकर दिखाता है।'' उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे का विद्युतीकरण वर्ष 1925 में शुरू हुआ था, लेकिन उसके बाद करीब 90 वर्षों में 2014 तक केवल 30 प्रतिशत रेलवे नेटवर्क का ही विद्युतीकरण हो पाया था। मोदी ने कहा, ''शेष 70 प्रतिशत नेटवर्क डीजल पर निर्भर था। जिस गति से 90 वर्षों में केवल 30 प्रतिशत विद्युतीकरण हुआ, उसी रफ्तार से पूरे नेटवर्क के विद्युतीकरण में 200 वर्ष और लग जाते। संभव है कि भारतीय रेलवे कभी पूरी तरह विद्युतीकृत ही नहीं हो पाती और डीजल पर निर्भर रहती।''
<
>
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्ष में देश के लगभग 99 प्रतिशत रेलवे नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है, जबकि हरियाणा में रेलवे नेटवर्क का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण हो चुका है। उन्होंने कहा, ''इसी का परिणाम है कि युद्ध और तेल आपूर्ति संकट के बावजूद भारतीय रेल नहीं रुकी। देश का विकास नहीं थमा और ट्रेनें बिना किसी रुकावट के चलती रहीं।'' मोदी ने इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की अपनी हालिया यात्राओं का भी उल्लेख किया और कहा कि इन दौरों के दौरान भारत ने कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनकी व्यापक हुई। उन्होंने कहा, ''लेकिन, एक महत्वपूर्ण विषय पर उतनी चर्चा नहीं हुई। वह हमारे देश के युवाओं, विशेषकर हरियाणा के युवाओं और खेलों से जुड़ा विषय है।''
प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की सरकारों के साथ इस विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा, ''आने वाले वर्षों में खेल उद्योग, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल से जुड़े कई अन्य क्षेत्रों में हम दोनों देशों के साथ मिलकर काम करेंगे। इससे हरियाणा के युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा।" उन्होंने कहा कि आज भारत में खेल को फिटनेस और रोजगार के बड़े माध्यम के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, ''हमारी सरकार ने नयी राष्ट्रीय खेल नीति 'खेलो भारत नीति' लागू की है। 'खेलो इंडिया' अभियान से लेकर 'टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम' तक खिलाड़ियों को अभूतपूर्व सहयोग दिया जा रहा है। उन्हें पर्याप्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। हरियाणा में भी भाजपा सरकार खेलों और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है।''
मोदी ने कहा कि आज का कार्यक्रम भले ही हाइड्रोजन ट्रेन और अन्य विकास परियोजनाओं से जुड़ा हो, लेकिन वह यहां मौजूद युवाओं से एक और बात कहना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ''आप सभी जानते हैं कि वर्ष 2030 में भारत राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा और हमारा प्रयास है कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेल भी भारत में आयोजित हों।'' प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से पूरी लगन और दृढ़ संकल्प के साथ तैयारी करने का आह्वान करते हुए कहा, ''मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार आपकी सफलता के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराएगी।''