Edited By Anu Malhotra,Updated: 31 Mar, 2026 08:59 AM

संयुक्त अरब अमीरात के दुबई बंदरगाह से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है। मंगलवार, 31 मार्च 2026 को कुवैत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने जानकारी दी कि उनके एक विशाल कच्चे तेल के टैंकर, 'अल साल्मी', पर सीधा हमला किया गया है। कुवैत ने इस हमले के पीछे ईरान...
इंटरनेशनल डेस्क: संयुक्त अरब अमीरात के दुबई बंदरगाह से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है। मंगलवार, 31 मार्च 2026 को कुवैत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने जानकारी दी कि उनके एक विशाल कच्चे तेल के टैंकर, 'अल साल्मी', पर सीधा हमला किया गया है। कुवैत ने इस हमले के पीछे ईरान का हाथ होने का दावा किया है। जिस वक्त यह घटना हुई, टैंकर पूरी तरह से तेल से भरा हुआ था और बंदरगाह पर खड़ा था। हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और अब प्रशासन को इस बात का डर सता रहा है कि समुद्र के पानी में भारी मात्रा में तेल का रिसाव हो सकता है, जो पर्यावरण के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है।
युद्ध जैसे हालात: कुवैत की हवाई सुरक्षा भी सक्रिय
इस हमले के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। एक तरफ जहां जहाज पर हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कुवैत की सेना ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। कुवैती सैन्य अधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के जरिए बताया कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने देश की सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे दुश्मन के मिसाइलों और ड्रोनों का मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस घटनाक्रम को मौजूदा ईरान-इजरायल संघर्ष की बढ़ती तपिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
राहत की खबर: बुझाई गई आग, जांच जारी
ताजा जानकारी के अनुसार, दुबई मीडिया ऑफिस ने पुष्टि की है कि टैंकर पर लगी आग को काबू कर लिया गया है। राहत और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों को बुझा दिया है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल दुबई प्रशासन की विशेष टीमें स्थिति की बारीकी से जांच कर रही हैं और यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि हालात को पूरी तरह सामान्य किया जा सके। हमले के बाद से ही अंतरराष्ट्रीय बाजार और सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।