Edited By Parveen Kumar,Updated: 19 Nov, 2026 08:17 PM

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और मोज़ाम्बिक की प्रतिष्ठित मानवाधिकार कार्यकर्ता ग्रासा माशेल की जीवन यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि नेतृत्व का आकलन अन्याय को चुनौती देने के साहस और...
नेशनल डेस्क : कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और मोज़ाम्बिक की प्रतिष्ठित मानवाधिकार कार्यकर्ता ग्रासा माशेल की जीवन यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि नेतृत्व का आकलन अन्याय को चुनौती देने के साहस और बदलाव लाने की प्रतिबद्धता से होता है। सोनिया ने 'इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण एवं विकास पुरस्कार' समारोह के दौरान यह टिप्पणी की। ग्रासा माशेल को 'इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार 2025' प्रदान किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के तहत एक करोड़ रूपये की नकद राशि, एक प्रशस्ति पत्र और एक विशेष ट्रॉफी प्रदान की जाती है।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ''इंदिरा गांधी शांति, स्वतंत्रता और विकास को एक-दूसरे से अलग नहीं मानती थीं। उनका विश्वास था कि प्रगति का वास्तविक अर्थ लोगों, विशेषकर वंचित वर्गों के सम्मान और कल्याण में सुधार करना है। राजनीतिक स्वतंत्रता तभी सार्थक है, जब वह लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाए।''
सोनिया गांधी के मुताबिक, ग्रासा माशेल का जीवन और कार्य इन आदर्शों का प्रतिबिंब है। मोजाम्बिक की स्वतंत्रता की लड़ाई से लेकर महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की वकालत तक, उन्होंने अपना जीवन सामाजिक न्याय, मानवीय गरिमा और समानता के लिए समर्पित किया है। उन्होंने बताया कि 1945 में मोजाम्बिक के एक ग्रामीण इलाके में जन्मीं माशेल 1973 में अपने देश लौटीं और स्वतंत्रता आंदोलन फ्रीलिमो से जुड़कर स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षिका के रूप में काम किया। वर्ष 1975 में मोजाम्बिक की आजादी के बाद वह देश की पहली शिक्षा एवं संस्कृति मंत्री बनीं।
सोनिया गांधी ने इस बात का उल्लेख किया कि माशेल के कार्यकाल में स्कूलों में लड़कों की भागीदारी 40 प्रतिशत से बढ़कर 90 प्रतिशत से अधिक और लड़कियों की भागीदारी 75 प्रतिशत तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा सभी के लिए उपलब्ध कराने का मतलब नई पीढ़ी को अपना भविष्य गढ़ने का अवसर देना है। उनका कहना था कि माशेल ने 1996 में संयुक्त राष्ट्र की महत्वपूर्ण रिपोर्ट 'द इम्पैक्ट ऑफ आर्म्ड कॉन्फ्लिक्ट ऑन चिल्ड्रेन' के जरिये युद्धों के बच्चों पर पड़ने वाले विनाशकारी प्रभाव को दुनिया के सामने रखा। इस रिपोर्ट ने संयुक्त राष्ट्र और उसके सदस्य देशों के संघर्ष प्रभावित बच्चों के प्रति दृष्टिकोण में बदलाव लाने में मदद की।
सोनिया गांधी ने कहा कि शांति का अर्थ केवल संघर्ष की अनुपस्थिति नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समुदायों को अपने जीवन का पुनर्निर्माण करने और भविष्य की ओर देखने में सक्षम बनाना भी है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का केंद्रीय आधार मानती थीं। उनका विश्वास था कि स्वतंत्रता के साथ सामाजिक और आर्थिक प्रगति भी आनी चाहिए तथा राष्ट्र की असली ताकत उसके लोगों में निहित होती है। उन्होंने इंदिरा गांधी के कथन, ''शांति, स्वतंत्रता और प्रगति की तरह अविभाज्य है'' का उल्लेख करते हुए कहा कि न्याय के बिना स्थायी शांति और हिंसा एवं असुरक्षा के माहौल में सार्थक विकास संभव नहीं है।
सोनिया गांधी ने बताया कि माशेल ने 'द एल्डर्स' की संस्थापक सदस्य के रूप में शांति और जिम्मेदार नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए काम किया है। उन्होंने बाल विवाह के खिलाफ अभियान 'गर्ल्स नॉट ब्राइड्स' की स्थापना में भी मदद की। इसके अलावा ग्रासा माशेल ट्रस्ट के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण, खाद्य सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि माशेल का 'जिजिले इंस्टीट्यूट फॉर चाइल्ड डेवलपमेंट' के माध्यम से किया जा रहा काम बच्चों के कल्याण के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने माशेल को साहस, करुणा और सेवा के लिए समर्पित जीवन का प्रतीक बताते हुए इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से उन्हें बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की।
माशेल ने पुरस्कार के लिए इंदिरा गांधी स्मारक न्यास, सोनिया गांधी, निर्णायक मंडल और भारत की जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि उनके दिवंबग पति नेल्सन मंडेला ने रंगभेद के खिलाफ क्रांति की प्रेरणा महात्मा गांधी के अहिंसक आंदोलन से ली थी। ग्रासा माशेल कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से भी जुड़ी रहीं हैं।
वह 'द एल्डर्स' की संस्थापक सदस्य हैं और 'गर्ल्स नॉट ब्राइड्स' की स्थापना में भी उनकी अहम भूमिका रही है। वह संयुक्त राष्ट्र महासचिव के सतत विकास लक्ष्य सलाहकार समूह की सदस्य भी हैं। इसके अलावा, वह 'अफ्रीका चाइल्ड पॉलिसी फोरम' की संरक्षक और 'मंडेला इंस्टीट्यूट फॉर डेवलपमेंट स्टडीज' की अध्यक्ष हैं, जहां वह बच्चों और युवाओं के हित में नीतियां बनाने और लागू करने में योगदान देती हैं।