Edited By shukdev,Updated: 09 Nov, 2019 08:46 PM
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भारतीय जनता पार्टी को सरकार बनाने का न्यौता दिया है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी 105 सीट हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। भाजपा को 11 नवंबर तक बहुमत साबित करना होगा। देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को ही...
मुंबई:महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भारतीय जनता पार्टी को सरकार बनाने का न्यौता दिया है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी 105 सीट हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। भाजपा को 11 नवंबर तक बहुमत साबित करना होगा। देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री पद से इस्ताफा दिया था।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 24 अक्टूबर को आए चुनाव परिणामों के बाद 15 दिन बीत चुके हैं लेकिन ना तो कोई पार्टी और ना ही किन्हीं पार्टियों का गठबंधन सरकार बनाने के लिए आगे नहीं आया। इसी वजह से राज्यपाल ने खुद सरकार बनने की संभावनाओं को तलाशने की कोशिश की।
इससे पहले शिवसेना ने दावा किया था कि लोकसभा चुनावों से पहले दोनों गठबंधन सहयोगियों ने अगले कार्यकाल में ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद की साझेदारी का फैसला किया था। इस्तीफा देने के बाद शिवसेना के दावों को खारिज करते हुए फडणवीस ने जोर देकर कहा था कि 'मेरी मौजूदगी में' दोनों दलों द्वारा मुख्यमंत्री पद की साझेदारी को लेकर कोई समझौता नहीं किया गया था। फडणवीस ने दावा किया था कि उन्होंने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से गतिरोध तोड़ने के लिए फोन पर बात करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मेरा फोन नहीं उठाया।