Edited By Anil dev,Updated: 09 Aug, 2022 02:08 PM
आगामी 2024 लोकसभा चुनावों को देखते हुए उत्तर प्रदेश में भाजपा ने अभी से मुस्लिम वोट बैंक को मजबूत करने के प्रयास शुरू कर दिए है। स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर भाजपा ने मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में एक विशेष अभियान चलाया हैं।
नेशनल डेस्क: आगामी 2024 लोकसभा चुनावों को देखते हुए उत्तर प्रदेश में भाजपा ने अभी से मुस्लिम वोट बैंक को मजबूत करने के प्रयास शुरू कर दिए है। स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर भाजपा ने मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में एक विशेष अभियान चलाया हैं। हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा मुस्लिम बाहुल्य बस्तियों में तिरंगा यात्रा निकाल रही है। भगवा दल के कार्यकर्ता और नेता सबकी कोशिश है कि 13 से 15 अगस्त तक मुस्लिम बाहुल्य बस्तियों के घरों पर तिरंगा लहराए।
इसी कड़ी में सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लगातार विपक्ष से पूछ रहे कि आखिर विपक्ष ने पसमांदा मुस्लिमों के लिए क्या खास किया। पसमांदा मुस्लिमों को भाजपा के पक्ष में लाने को लेकर केशव मौर्य खुद कई ट्वीट किए हैं। बताया जा रहा है कि डिप्टी सीएम मौर्य की यह बातें भाजपा की रणनीति का नतीजा है।
भाजपा लोकसभा चुनाव 2024 के लिए नई नीतियां बनाने में जुटी हुई हैं। वजह है कि पार्टी चाहती है चुनाव 2024 में चारों तरफ भगवा लहराए। इसके तहत भाजपा विपक्ष के सबसे मजबूत वोट बैंक में सेंध लगाने जा रही है। मुस्लिम समाज को अपना साथी बनाने के लिए भाजपा ने अपनी अल्पसंख्यक मोर्चे विंग को अलर्ट किया है और निर्देश दिए गए हैं कि मुस्लिम हित की चलाई जा रही मोदी और योगी सरकार की योजनाओं से परिचित कराएं। मिशन 2024 भाजपा के लिए कामयाब रहे इसके लिए मुस्लिमों का साथ बेहद जरूरी है।
इसलिए भाजपा अपने अल्पसंख्यक विंग को मजबूत कर रही है। वो मुस्लिम समाज का कैसे दिल जीत सकें और उनके हर सवाल का जवाब कैसे दे सकें, इसके लिए भाजपा 27 से 29 अगस्त तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है। इस प्रशिक्षण शिविर में भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश के सभी पदाधिकारी और मुस्लिम नेता मौजूद रहेंगे।