Edited By Parveen Kumar,Updated: 12 Sep, 2026 11:38 PM

आपराधिक मामलों की जांच को अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दक्षिण दिल्ली के शेख सराय क्षेत्र में अगले दो वर्षों के भीतर एक अत्याधुनिक क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को यह जानकारी...
नेशनल डेस्क : आपराधिक मामलों की जांच को अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दक्षिण दिल्ली के शेख सराय क्षेत्र में अगले दो वर्षों के भीतर एक अत्याधुनिक क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इस आधुनिक केंद्र का निर्माण 151.81 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से होगा, जिसके प्रस्ताव को हाल ही में व्यय वित्त समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने प्रयोगशाला के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि फॉरेंसिक विज्ञान न केवल आपराधिक मामलों की वैज्ञानिक जांच के लिए अनिवार्य है, बल्कि यह अदालत में चलने वाले मुकदमों और न्याय प्रदान करने की प्रक्रिया के लिए भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यह नयी आरएफएसएल लगभग 6,300 वर्ग मीटर के भूखंड पर बनाई जाएगी, जिसका कुल निर्माण क्षेत्र 18,300 वर्ग मीटर होगा।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्मित की जाने वाली इस बहुमंजिला इमारत को वैज्ञानिक जांच की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक एकीकृत फॉरेंसिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को दो साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया है।