'इंडिया देगा करारा जवाब': अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

Edited By Pardeep,Updated: 22 Mar, 2024 05:47 AM

opposition targets central government on arvind kejriwal s arrest

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले में प्रवर्तन निर्देशालय (ईडी) द्वारा की गई गिरफ्तारी की कांग्रेस और अन्य दलों के विपक्षी नेताओं ने निंदा की और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सत्ता के...

नेशनल डेस्कः दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले में प्रवर्तन निर्देशालय (ईडी) द्वारा की गई गिरफ्तारी की कांग्रेस और अन्य दलों के विपक्षी नेताओं ने निंदा की और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सत्ता के लिए निम्न स्तर पर जाने का आरोप लगाया। 

केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने "एक्स" पर पोस्ट किया, "डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है।" उन्होंने दावा किया, "मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट ‘फ्रीज़' करना भी ‘असुरी शक्ति' के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है।" उन्होंने कहा कि ' इंडिया' गठबंधन इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 'एक्स ' पोस्ट किया, "रोज जीत का झूठा दंभ भरने वाली अहंकारी भाजपा, विपक्ष को हर तरह से चुनाव के पहले ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से कमज़ोर करने की कोशिश कर रही है। " उन्होंने कहा, "अगर सच में जीत का भरोसा होता तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को ‘फ्रीज' नहीं किया जाता। विपक्षी पार्टियों के नेताओं को ठीक चुनाव से पहले निशाना नहीं बनाया जाता। " खरगे ने दावा किया, "सच यह है कि भाजपा आने वाले चुनाव परिणाम से पहले ही डर गयी है और बौखलाहट में विपक्ष के लिए हर तरह की मुश्किलें पैदा कर रही है।" उन्होंने कहा, "वक्त है बदलाव का ! अबकी बार …सत्ता के बाहर !!" 

एक अन्य कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम ने भी इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त की और इसे पूर्ण फासीवाद कहा। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "आम चुनाव से पहले दो मौजूदा मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया गया, पूर्ण फासीवाद। 'कानून' को हथियार बना दिया गया है। क्या हम लोग अपने देश को बचाएंगे?" 

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पर ईडी की कार्रवाई को भाजपा सरकार के इशारे पर राजनीति से प्रेरित गिरफ्तारी बताया। सुप्रिया सुले ने ट्वीट कर कहा, "मैं @ArvindKejriwal जी के साथ एकजुटता से खड़ी हूं। विपक्ष की आवाज को दबाने और बड़े पैमाने पर मतदाताओं को कमजोर करने के लिए भाजपा सरकार के इशारे पर ईडी द्वारा यह एक और राजनीतिक रूप से प्रेरित गिरफ्तारी है। हम अपनी लड़ाई में लचीले और एकजुट हैं।" 

पार्टी प्रवक्ता क्लाइड क्राइस्टो ने कहा, ‘‘दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ईडी का छापा भाजपा द्वारा एक व्यवस्थित और योजनाबद्ध कदम है। यह स्पष्ट और ज्ञात है कि विपक्ष और भारत के सभी लोग जो भाजपा के खिलाफ बोलते हैं, उन्हें केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग करके निशाना बनाया जाता है।'' 

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा की और आश्चर्य जताया कि अगर चुनाव से पहले विपक्षी नेताओं और निर्वाचित मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया गया तो लोकतंत्र का क्या होगा। राज्यसभा में पार्टी के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने आश्चर्य जताया कि अगर उच्चतम न्यायालय और भारत का निर्वाचन आयोग अब कार्रवाई करने में विफल रहता है, तो भविष्य में भाजपा की दमनकारी राजनीति के खिलाफ लोगों के साथ कौन खड़ा होगा। ओ ब्रायन ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। और अब यह! राजनीतिक दलों के प्रमुख, मुख्यमंत्री, राजनीतिक नेता, चुनाव एजेंट, कार्यकर्ता, हर प्रतिद्वंद्वी को इस तरह परेशान किया जा रहा है और गिरफ्तार किया जा रहा है। हमारे अनमोल लोकतंत्र का क्या भाग्य होगा।'' 


तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा की और इसे विपक्ष के ‘निरंतर उत्पीड़न' का हिस्सा बताया। उन्होंने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘लोकसभा चुनाव से पहले, ‘‘एक दशक की विफलताओं और आसन्न हार के डर से प्रेरित होकर, फासीवादी भाजपा सरकार झारखंड मुक्ति मोर्चा के भाई हेमंत सोरेनको अनुचित तरीके से निशाना बनाने के बाद दिल्ली के माननीय मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करके घृणा की गहराई में डूब गई है।'' स्टालिन ने कहा, ‘‘एक भी भाजपा नेता को जांच या गिरफ्तारी का सामना नहीं करना पड़ता है, जो सत्ता के दुरुपयोग और लोकतंत्र के पतन को उजागर करता है। भाजपा सरकार द्वारा विपक्षी नेताओं के लगातार उत्पीड़न से हताशा की बू आती है।''  

झामुमो के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने ‘गिरफ्तारी की पटकथा' के लिए केंद्र पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जो लोग मुखर हैं और पूरे विपक्ष का भी यही हश्र होगा। उन्होंने मांग की कि चुनाव अधिसूचना रद्द कर दी जाए क्योंकि ‘यह भारत में लोकतंत्र का अंत है और अब चुनाव की कोई आवश्यकता नहीं है।' भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘देश में किसी भी विरोध की अनुमति नहीं दी जाएगी और वह दिन दूर नहीं जब सभी विपक्षी दलों के मुख्यालयों को केंद्रीय बलों द्वारा घेर लिया जाएगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध अभूतपूर्व है... भारत के निर्वाचन आयोग और भारत के राष्ट्रपति को इस पर निर्णय लेना चाहिए कि भारत में लोकतांत्रिक प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए या नहीं।''  

शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी से पता चलता है कि भाजपा विपक्ष से डरी हुई है और पार्टी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)400 लोकसभा सीट जीतने के करीब भी नहीं है। राज्यसभा सदस्य ने इसे ‘लोकतंत्र की हत्या' करार दिया। चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘एक और मौजूदा मुख्यमंत्री, अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक गिरफ्तारी के साथ, भाजपा सरकार, उसके विस्तारित विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे 400 सीटें जीतने के करीब भी नहीं हैं।'' उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वे विपक्ष से डरते हैं, वे जानते हैं कि जीतने का एकमात्र तरीका विपक्ष को चुप कराना या गिरफ्तार करना है। इसे भारत में लोकतंत्र की हत्या कहना सही होगा, न कि भारत को लोकतंत्र की जननी।''  


आप नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा की राजनीतिक टीम (ईडी) .,केजरीवाल की सोच को कैद नहीं कर सकती …क्योंकि आप ही भाजपा को रोक सकती हैं..सोच को कभी भी दबाया नहीं जा सकता।'' 


केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने तिरुवनंतपुरम में जारी एक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी बेहद आपत्तिजनक है। यह कदम ऐसे समय में विपक्षी आवाजों को दबाने के जानबूझकर किए गए प्रयास का हिस्सा है जब चुनावी प्रक्रिया जोर पकड़ रही है। यह उन लोगों की कायरता को दर्शाता है जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया से डरते हैं।'' 


बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने भाजपा के नेतृत्व वाले राजग पर राजनीतिक रूप से मुकाबला करने के बजाय चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वियों से मुकाबला करने के लिए “अघोषित आपातकाल लगाने” और “जांच एजेंसियों और संवैधानिक निकायों का उपयोग” करने का आरोप लगाया। यादव ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद की गिरफ्तारी से साफ पता चलता है कि भाजपा चुनाव में अपने विरोधियों का लोकतांत्रिक तरीके से सामना नहीं करना चाहती है। वह पीछे छिपना चाहती है और जांच एजेंसियों और संवैधानिक निकायों पर अधिक निर्भर रहना चाहती है।'' 

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने दावा किया कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकसभा चुनावों में लोगों द्वारा उन्हें खारिज किए जाने की आशंका से ‘घबराए' हुए हैं। उन्होंने ‘एक्स' पर पोस्ट किया,‘‘ईडी द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं। गिरफ्तार होने वाले यह भारत के दूसरे मौजूदा मुख्यमंत्री हैं। स्पष्ट है कि मोदी और भाजपा मौजूदा चुनावों में लोगों द्वारा नकारे जाने से घबरा गए हैं।'' 

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी ‘‘एक नई जनक्रांति को जन्म देगी''। उन्होंने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘ जो ख़ुद हैं शिकस्त के ख़ौफ़ में क़ैद ‘वो' क्या करेंगे किसी और को क़ैद...भाजपा जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आनेवाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ़्तारी एक नयी जन-क्रांति को जन्म देगी।'' 

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी से राजनीतिक प्रतिशोध और बढ़ते अधिनायकवाद की बू आ रही है। 

बिहार में विपक्षी राजद अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा की और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की। राजद प्रमुख ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया कि भाजपा "डरी हुई" है क्योंकि उसका सत्ता से बाहर होना "निश्चित" है। इस बीच पंजाब एवं हरियाण के आप नेताओं ने भी केजरीवाल के गिरफ्तारी की निंदा की ।

 

 

 

 

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!