Edited By Monika Jamwal,Updated: 22 Apr, 2022 06:36 PM
कालीबड़्री वार्ड नं.-16 में बंद पड़ी पेयजल आपूर्ति के विरोध में जलशक्ति विभाग के विरुद्ध लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
कठुआ : कालीबड़्री वार्ड नं.-16 में बंद पड़ी पेयजल आपूर्ति के विरोध में जलशक्ति विभाग के विरुद्ध लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए अपना रोष दर्ज करवाया। प्रदर्शनकारियों में पार्षद पुष्पा देवी,ख्बसपा नेता सोम राज मजोत्रा ने कहा कि पेयजल को लेकर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चार दिनों से आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जिसके चलते लोग परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि कालीबड़ी ट्यूबवेल निर्माण के दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया था कि उन्हें भी इसी से पानी मिलेगा। परंतु पेयजल आपूर्ति नहीं मिल पा रही। उन्होंने कहा कि जब यह गरीब लोग ट्यूबवेल पर जाएं तो उनसे वहां अभद्र व्यवहार किया जाता है। उन्होंने कहा कि कर्मी बिजली आपूर्ति न होने का बहाना बनाते हैं। सोम राज मजोत्रा ने कहा कि यह लोग नेशनल हाइवे को बंद करने जा रहे थे लेकिन उन्होंने लोगों को रोका और विभाग से बातचीत करना उचित समझी।
उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में एक सप्ताह के करीब से बंद आपूर्ति लोगों की दिक्कतों में इजाफा कर रही है। ऐसे में विभाग और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि आपूर्ति हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान न किया गया तो इसके विरोध में वे आंदोलन को मजबूर हो जाएंगे जिसकी जिम्मेवारी विभाग की होगी।