Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Mar, 2018 07:32 PM
तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) द्वारा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का साथ छोड़े जाने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने दावा किया कि आंध्र प्रदेश में भाजपा की सीटें बढ़ेंगी...
नेशनल डेस्क: तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) द्वारा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का साथ छोड़े जाने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने दावा किया कि आंध्र प्रदेश में भाजपा की सीटें बढ़ेंगी। इसके साथ ही उन्होंने माना कि तेदेपा के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू के राजग से नाता तोडऩे का फैसला ‘अच्छा नहीं’ है। वहीं शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता तय करेगी कि कौन है कौरव।
आंध्र प्रदेश में भाजपा की बढ़ेगी सीटें
भाजपा अध्यक्ष ने एक इंटरव्यू में कहा कि उनकी पार्टी कभी नहीं चाहती कि कोई भी पार्टी राजग से बाहर जाए। उन्होंने कहा कि भले ही नायडू ने राजग छोड़ दिया है लेकिन हमारे पास अब भी 30 अन्य दल हैं। शाह ने उत्तर प्रदेश के उपचुनावों के परिणामों के बारे में कहा कि कोई नकारात्मक वातावरण नहीं है। अगर आप 12 लाख लोगों के वोटों को 125 करोड़ भारतीयों का जनादेश समझते हैं तो मुझे कुछ नहीं कहना। उन्होंने कहा कि केवल एक माह पहले भाजपा का त्रिपुरा में एक भी विधायक नहीं था लेकिन वह दो तिहाई बहुमत से सत्ता में आयी।
सदन की कार्रवाई को लेकर मोदी सरकार चिंतित
शाह ने संसद में गतिरोध के बारे में कहा कि भाजपा संसद में किसी भी मुद्दे पर निष्पक्ष चर्चा के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष लगातार दोनों सदनों को बाधित कर रहा है और कार्यवाही चलने नहीं दे रहा है। मोदी सरकार इसे लेकर बहुत चिंतित है और उसने दो बार सर्वदलीय बैठक बुलायी। भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता तय करती है कि कौन पांडव हैं और कौन कौरव। देश की जनता 2014 में पहले ही दिखा चुकी है कि कौन कौरव है और कौन पांडव तथा 2019 में वह फिर दिखाएगी।