Edited By Seema Sharma,Updated: 07 Jun, 2022 02:06 PM
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को लेकर आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पंजाब, हरियाणा के बाद अब पुलिस इसके कनेक्शन महाराष्ट्र में भी खंगाल रही है।
नेशनल डेस्क: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को लेकर आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पंजाब, हरियाणा के बाद अब पुलिस इसके कनेक्शन महाराष्ट्र में भी खंगाल रही है। दरअसल महाराष्ट्र में गैंगस्टर अरुण गवली की पत्नी आशा गवली के साथ संतोष जाधव की फोटो पुणे पुलिस के हाथ लगी है। मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस ने पुणे के करीबी खेड तहसील के रहने वाले संतोष जाधव पर शक जताया है, जिसे लेकर पंजाब पुलिस ने इस हत्याकांड से जुड़ी अहम जानकारी महाराष्ट्र और पुणे पुलिस से शेयर की है। पुलिस संतोष को ढूंढ रही है।
इससे पहले भी संतोष के खिलाफ एक हत्या का मामला खेड़ पुलिस में दर्ज हो चुका है। पुणे पुलिस संतोष के सभी करीबियों से पूछताछ करने वाली है। गैंगस्टर अरुण गवली की पत्नी आशा गवली के साथ संतोष की मिली फोटो पर भी पुलिस जांच कर रही है। बता दें कि अरुण गवली एक हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है। वह महाराष्ट्र का काफी खतरनाक गैंगस्टर है। एक समय था जब अरुण की खासी तूती बोलती थी। वहीं, मूसेवाला हत्याकांड में पुलिस को 8 शूटरों पर शक है। पुलिस का कहना है कि शूटरों की पहचान हो चुकी है।