SIR पर राहुल गांधी के दावे को BJP ने बताया झूठ, संबित पात्रा बोले- देश को गुमराह करने की कोशिश

Edited By Updated: 06 Oct, 2026 12:07 AM

the court has not declared the election commission s form 6 illegal

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्वाचन आयोग के कुछ फैसलों से संबंधित जनहित याचिका की उच्चतम न्यायालय में सुनवाई के दौरान हुई कार्यवाही के बारे में राहुल गांधी पर ''झूठ बोलने और देश को गुमराह करने'' का सोमवार को आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस नेता को...

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्वाचन आयोग के कुछ फैसलों से संबंधित जनहित याचिका की उच्चतम न्यायालय में सुनवाई के दौरान हुई कार्यवाही के बारे में राहुल गांधी पर ''झूठ बोलने और देश को गुमराह करने'' का सोमवार को आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस नेता को इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इससे पहले दिन में, गांधी ने दावा किया था कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और ''लोकतंत्र पर आपराधिक हमला'' करने में शामिल हर व्यक्ति को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

उन्होंने यह टिप्पणी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे प्रपत्र-6 में किसी बदलाव को न्यायालय द्वारा मंजूरी नहीं दिए जाने की बात कहे जाने के बाद की। 'एक्स' पर एक पोस्ट में गांधी ने कहा कि अब यह संदेह से परे स्थापित हो गया है कि कुमार ने प्रपत्र-6 में ''अवैध और एकतरफा'' तरीके से बदलाव किया, और दावा किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त तथा ''लोकतंत्र पर इस आपराधिक हमले'' में शामिल अन्य सभी लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

कांग्रेस नेता ने 'एक्स' पर निर्वाचन आयोग के 26 सितंबर के बयान का स्क्रीनशॉट साझा किया था। इसमें कहा गया है, '' विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए प्रपत्र-6 के साथ संलग्न घोषणा को माननीय उच्चतम न्यायालय ने बरकरार रखा है। गैर-एसआईआर अवधि के लिए नियमों (निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960) के अनुसार लागू प्रपत्रों का इस्तेमाल किया जाएगा।" इसके जवाब में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ''भारत के प्रधान न्यायाधीश ने यह नहीं कहा कि प्रपत्र-6 अवैध है। राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं कि उच्चतम न्यायालय ने ऐसा कहा है।''

पात्रा ने संवाददाताओं से कहा, ''यह ठीक वैसा ही है, जब राहुल गांधी ने दावा किया था कि उच्चतम न्यायालय ने राफेल सौदे में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं की बात कही है। बाद में उन्हें उच्चतम न्यायालय में हलफनामा दाखिल करना पड़ा और बिना शर्त माफी मांगनी पड़ी।'' उन्होंने कहा, ''यहां भी यही होने वाला है। झूठ बोलने की सजा होती है।'' पात्रा ने आरोप लगाया कि गांधी मामले की उच्चतम न्यायालय में हुई सुनवाई और 26 सितंबर को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी बयान के बारे में देश को 'गुमराह' करने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा सांसद ने कहा, "दोनों ही मामलों में राहुल गांधी लोगों को गुमराह करके देश में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि उनकी रैलियों को कुछ मजबूती मिल सके।'' उन्होंने कहा, '' उनकी 'एक्स' पर की गई पोस्ट झूठ से भरी थी। एक जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष से इसकी उम्मीद नहीं की जाती। इस तरह झूठ का दुष्प्रचार करके देश में अराजकता पैदा करने का प्रयास करना अपराध है।'' 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!