युवाओं में बढ़ रहा ब्रेन स्ट्रोक का खतरा; इन लक्षणों को नजरअंदाज करना पड़ सकता भारी, जानलेवा साबित हो सकते ये 10 कारण

Edited By Updated: 09 Nov, 2026 05:46 PM

the stroke risk younger adults may be overlooking know about the symptoms

युवाओं में स्ट्रोक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, धूम्रपान और तनाव इसके प्रमुख जोखिम कारक हैं। अचानक चक्कर, सिरदर्द, गर्दन में दर्द और संतुलन बिगड़ना भी संकेत हो सकते हैं। नियमित जांच, व्यायाम और संतुलित खानपान से खतरा...

London: स्ट्रोक यानी मस्तिष्काघात का खतरा अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गया है। दुनियाभर में 55 साल से कम उम्र के लोगों में इसके मामले लगातार बढ़ रहे हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्ट लंदन के शोधकर्ता डेविड ओलावदे के अनुसार, पिछले कुछ दशकों में जहां बुजुर्गों में स्ट्रोक के मामलों में कमी आई है, वहीं युवा वयस्कों में इसका खतरा बढ़ा है। इंग्लैंड में 2001 से 2010 के बीच 35 से 54 साल की उम्र के लोगों में स्ट्रोक के मामलों में हर साल करीब दो प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके विपरीत, पूरी आबादी में इसके मामले घटे। अमेरिका में भी 1993-1994 से 2020 के बीच 20 से 54 साल के लोगों में स्ट्रोक की दर प्रति एक लाख आबादी पर सालाना 34 से बढ़कर 62 हो गई। दुनियाभर में 2021 में 55 साल से कम उम्र के करीब 28 लाख लोगों को स्ट्रोक हुआ। इनमें लगभग 90 प्रतिशत मामले निम्न और मध्यम आय वाले देशों में सामने आए। अनुमान है कि 2020 से 2030 के बीच 20 से 39 साल के लोगों में खून का थक्का जमने के कारण होने वाले इस्कीमिक स्ट्रोक के मामलों में करीब 12 प्रतिशत वृद्धि हो सकती है।


युवाओं में स्ट्रोक के 10 बड़े कारण
एक बड़े अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में ऐसे 10 जोखिम कारकों की पहचान की गई, जो 55 साल से कम उम्र के लोगों में होने वाले करीब 92 प्रतिशत स्ट्रोक के लिए जिम्मेदार थे। इनमें शामिल हैं:
1. उच्च रक्तचाप: अकेले इसके कारण करीब आधे मामलों का खतरा जुड़ा पाया गया।
2. शारीरिक गतिविधियों की कमी: नियमित व्यायाम न करना।
3. बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल: रक्त में खराब वसा का अधिक स्तर।
4. असंतुलित खानपान: अधिक नमक और कम पौष्टिक भोजन।
5. मोटापा: शरीर में जरूरत से ज्यादा चर्बी जमा होना।
6. धूम्रपान: रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचना।
7. हृदय संबंधी समस्याएं: दिल की बीमारियों के कारण रक्त प्रवाह प्रभावित होना।
8. मधुमेह: रक्त में शर्करा का लगातार बढ़ा रहना।
9. शराब का सेवन: अत्यधिक शराब पीने की आदत।
10. मनो-सामाजिक कारण: तनाव और खराब मानसिक स्वास्थ्य।

 

अध्ययन के अनुसार, नियमित शारीरिक गतिविधियों की कमी एक तिहाई से अधिक मामलों से जुड़ी थी। युवाओं में हाई बीपी और डायबिटीज बन रहे बड़े खतरे
ब्रिटेन में 18 से 49 साल की उम्र के 1,765 ऐसे लोगों पर अध्ययन किया गया, जिन्हें स्ट्रोक के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसमें 42 प्रतिशत मरीजों को उच्च रक्तचाप, 24 प्रतिशत को उच्च कोलेस्ट्रॉल, 23 प्रतिशत को धूम्रपान की आदत और 14 प्रतिशत को मधुमेह था। करीब सात प्रतिशत लोगों ने नशीले पदार्थों के सेवन की जानकारी दी। पिछले तीन दशकों में युवाओं में मोटापे और मधुमेह के मामले भी बढ़े हैं। ये दोनों समस्याएं उच्च रक्तचाप के साथ मिलकर स्ट्रोक का खतरा बढ़ाती हैं। परेशानी यह है कि युवा अक्सर इन बीमारियों की नियमित जांच नहीं कराते, जिसके कारण इनका समय पर पता नहीं चल पाता। एक शोध के अनुसार, मधुमेह से पीड़ित 55 साल से कम उम्र के लोगों में स्ट्रोक या मिनी स्ट्रोक की आशंका अन्य लोगों की तुलना में करीब 3.5 गुना अधिक थी। वहीं, उच्च रक्तचाप से पीड़ित लोगों में यह खतरा करीब 2.5 गुना अधिक पाया गया।

 

चक्कर और सिरदर्द को न समझें मामूली परेशानी
हालांकि, सभी मामलों के पीछे इन जोखिम कारकों की ही भूमिका नहीं होती। खून का थक्का जमने से होने वाले स्ट्रोक के करीब आधे मामलों में कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। वैज्ञानिक वायु प्रदूषण, प्रतिरक्षा प्रणाली से जुड़ी बीमारियों और अवैध नशीले पदार्थों के सेवन जैसे संभावित कारणों पर भी शोध कर रहे हैं।
युवाओं में स्ट्रोक की पहचान करना कई बार मुश्किल हो सकता है। अमेरिका में हुए एक बड़े विश्लेषण में पाया गया कि 18 से 44 साल के लोगों को स्ट्रोक होने के बावजूद आपातकालीन विभागों से घर भेजे जाने की आशंका सबसे अधिक थी। इनमें कई मरीजों ने चक्कर आने और सिरदर्द की शिकायत की थी। स्ट्रोक एसो. के एक सर्वेक्षण में भी सामने आया कि 60 साल या उससे कम उम्र के करीब एक चौथाई मरीजों ने बताया कि शुरुआत में उनकी बीमारी का गलत निदान किया गया था।

 

आमतौर पर स्ट्रोक के तीन प्रमुख संकेत 

  • चेहरे का एक तरफ झुक जाना।
  • दोनों हाथों को एक साथ ऊपर उठाने में परेशानी होना।
  • बोलने में अस्पष्टता या बातचीत समझने में परेशानी होना।
  • लेकिन युवाओं में हर बार ये पारंपरिक लक्षण दिखाई नहीं देते।
  • गर्दन में दर्द और संतुलन बिगड़ना भी हो सकता है संकेत

 

युवाओं में मस्तिष्क के पिछले हिस्से में होने वाले स्ट्रोक के मामले भी अपेक्षाकृत अधिक देखे जाते हैं। मस्तिष्क का यह हिस्सा संतुलन और देखने की क्षमता को नियंत्रित करता है। ऐसे में इसके प्रभावित होने पर कुछ अलग लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इनमें अचानक तेज चक्कर आना, चलते समय संतुलन बिगड़ना.- देखने में परेशानी या दोहरा दिखाई देना, अचानक तेज सिरदर्द तथा  गर्दन में दर्द।कई युवा इन लक्षणों को माइग्रेन, थकान, शराब के सेवन के बाद होने वाली परेशानी या कान की समस्या समझ लेते हैं। कभी-कभी लक्षण कुछ समय बाद अपने आप ठीक भी हो जाते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि खतरा टल गया है। स्ट्रोक में समय बेहद महत्वपूर्ण है। खून का थक्का घोलने वाली दवा से उपचार आमतौर पर लक्षण शुरू होने के साढ़े चार घंटे के भीतर दिया जाना चाहिए। कुछ मरीजों में जांच के आधार पर अन्य उपचार विकल्प भी उपलब्ध हो सकते हैं। इसलिए अचानक ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। लक्षण ठीक होने का इंतजार नहीं करना चाहिए।

 

इन  उपायों से कम कर सकते खतरा
युवाओं में होने वाले ज्यादातर स्ट्रोक ऐसे जोखिम कारकों से जुड़े हैं, जिनमें जीवनशैली और समय पर उपचार के जरिए बदलाव किया जा सकता है।

  1.  रक्तचाप की जांच: नियमित रूप से बीपी की जांच कराएं। उच्च रक्तचाप में अक्सर कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते।
  2.  शुगर और कोलेस्ट्रॉल पर नजर: समय-समय पर मधुमेह और कोलेस्ट्रॉल की जांच कराएं।
  3.  धूम्रपान से दूरी: धूम्रपान और नशीले पदार्थों का सेवन छोड़ें।
  4.  शराब सीमित करें: अत्यधिक शराब पीने से बचें।
  5.  खानपान सुधारें: नमक का सेवन प्रतिदिन छह ग्राम से अधिक न रखें और भोजन में फाइबर की मात्रा बढ़ाएं।
  6.  नियमित व्यायाम: सप्ताह में कम से कम 150 मिनट तेज चलने या साइकिल चलाने जैसी मध्यम शारीरिक गतिविधियां करें।
  7.  तनाव नियंत्रित करें: पर्याप्त आराम करें और लंबे समय तक लगातार काम करने की आदत से बचें।

शोधों में यह भी सामने आया है कि तनाव और लंबे कामकाजी घंटे स्ट्रोक के खतरे से जुड़े हो सकते हैं। इसलिए युवाओं को अपनी जीवनशैली के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना चाहिए। विशेषज्ञों के मुताबिक, स्ट्रोक को लेकर यह धारणा बदलने की जरूरत है कि यह केवल बुजुर्गों की बीमारी है। समय पर जांच, जोखिम कारकों की पहचान और शुरुआती लक्षणों को गंभीरता से लेना युवाओं की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
  

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!