भारत और यहां के युवाओं के प्रति पूरी दुनिया आशा भरी निगाहों से देख रही है : PM मोदी

Edited By ,Updated: 12 Jan, 2023 10:59 PM

the whole world is looking with hope towards india and its youth pm modi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'युवा शक्ति' को भारत की यात्रा की प्रेरक शक्ति बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए अगले 25 साल महत्वपूर्ण हैं। स्वामी विवेकानंद का बार-बार जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत और इसके...

हुब्बल्लिः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'युवा शक्ति' को भारत की यात्रा की प्रेरक शक्ति बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए अगले 25 साल महत्वपूर्ण हैं। स्वामी विवेकानंद का बार-बार जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत और इसके युवाओं को आशा भरी निगाहों से देख रही है। 

मोदी ने कहा, ‘‘युवा शक्ति भारत की यात्रा की प्रेरक शक्ति है! राष्ट्र निर्माण के लिए अगले 25 साल महत्वपूर्ण हैं। युवा शक्ति के सपने भारत की दिशा तय करेंगे। युवा शक्ति की आकांक्षाएं भारत की मंजिल तय करेंगी। युवा शक्ति का जुनून ही भारत की राह तय करेगा।'' 

उन्होंने आगे कहा कि युवा शक्ति का उपयोग करने के लिए हमें अपने विचारों और प्रयासों के साथ युवा होने की आवश्यकता है। यहां राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में मोदी ने कहा, ‘‘युवा होने का मतलब है हमारे प्रयासों में गतिशील होना, परिप्रेक्ष्य में मनोरम होना, व्यावहारिक होना। अगर दुनिया समाधान के लिए हमारी ओर देखती है तो यह हमारी अमृत पीढ़ी (युवाओं) के समर्पण के कारण है।'' 

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उनका लक्ष्य भारत को विश्व की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना है और इस आर्थिक विकास से युवाओं के लिए असंख्य अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘आज हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं और हमारा लक्ष्य भारत को विश्व की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना है। देश का यह आर्थिक विकास हमारे युवाओं के लिए असंख्य अवसर लाएगा।'' 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की तरफ उम्मीदों की नजर से देख रही है और भारत में निवेश को आतुर है क्योंकि उसके पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है। उन्होंने कहा कि आज भारत कृषि के क्षेत्र में दुनिया की अग्रणी ताकत है और आने वाले समय में इस क्षेत्र में प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष से एक नई क्रांति आने वाली है। 

उन्होंने कहा, ‘‘इसमें युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे, नई ऊंचाइयों पर जाने के लिए नए रास्ते खुलेंगे। खेल के क्षेत्र में भी आज भारत दुनिया की एक बड़ी शक्ति बनने की तरफ अग्रसर हो रहा है। यह भारत के युवाओं के सामर्थ्य के कारण ही संभव हो पा रहा है। आज गांव हो शहर हो या कस्बा, हर जगह उफान पर है, युवाओं का जज्बा।'' 

मोदी ने कहा कि उनके नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले आठ-नौ वर्षों में एक मजबूत आधारशिला तैयार की है और इसी वजह से दुनिया में भारत को लेकर बहुत आशाएं हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा इन बदलावों के साक्षी बन रहे हैं और कल वे भविष्य के नेता बनेंगे। 

मोदी ने कहा, ‘‘यह इतिहास में एक विशेष समय है। आप एक विशेष पीढ़ी हैं। आपके पास एक विशेष मिशन है। यह वैश्विक परिदृश्य भारत के लिए प्रभाव बनाने का मिशन है। हर मिशन के लिए, एक नींव की आवश्यकता होती है। चाहे अर्थव्यवस्था हो या शिक्षा, खेल हो या स्टार्ट-अप, कौशल विकास हो या डिजिटलीकरण, हर क्षेत्र में, पिछले आठ-नौ वर्षों में एक मजबूत नींव रखी गई है। रनवे आपके टेक ऑफ के लिए तैयार है! आज, दुनिया भारत और उसके युवाओं के प्रति एक आशा भरी निगाहों से देख रही है। यह आपके बारे में है। यह आपकी वजह से है और यह आपके लिए है।'' 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज वैश्विक आवाजें हैं कि यह सदी भारत और उसके युवाओं की है। वैश्विक सर्वेक्षणों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अधिकांश बड़े निवेशक भारत में निवेश करना चाहते हैं क्योंकि ये भारत के युवाओं में निवेश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय स्टार्ट-अप्स को रिकॉर्ड निवेश मिल रहा है। मेक इन इंडिया के लिए कई वैश्विक कंपनियां मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगा रही हैं। खिलौनों से लेकर पर्यटन, रक्षा से लेकर डिजिटल तक, भारत दुनिया भर में सुर्खियां बटोर रहा है। इसलिए, यह एक ऐतिहासिक समय है जब आशापूर्ण दृष्टि और अवसर एक साथ आ रहे हैं।'' 

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान भारम की नारीशक्ति का भी उल्लेख किया और कहा कि आजादी के इस ‘‘अमृतकाल'' में महिलाएं नए-नए पराक्रम करके दिखा रही हैं और आज वे लड़ाकू विमान भी उड़ा रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सेना में वे लड़ाकू भूमिका में शामिल हो रहीं हैं। विज्ञान व प्रोद्योगिकी, अंतरिक्ष खेल और हर क्षेत्र में हमारी बेटियां बुलंदियां छू रही हैं। ये उद्घोष है कि भारत अब पूरी शक्ति से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।'' 

युवा महोत्सव स्थल पर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने यहां एक रोड शो भी किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर कतारों में खड़े लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपनी चलती कार के 'रनिंग बोर्ड' पर खड़े होकर मोदी ने भीड़ की ओर हाथ हिलाया ओर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान रास्ते के दोनों ओर खड़े लोगों में से कई को ‘‘मोदी, मोदी'' और ‘‘भारत माता की जय'' के नारे लगाते देखा गया। कुछ स्थानों पर लोगों ने फूलों की पंखुड़ियों की बारिश की क्योंकि उनका काफिला धीरे-धीरे गुजर रहा था। भाजपा शासित कर्नाटक में मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!