पूर्व सैनिकों को CM योगी का बड़ा तोहफा, 50 लाख तक की संपत्ति पर मिलेगी स्टांप ड्यूटी में छूट

Edited By Updated: 14 Nov, 2026 04:00 PM

yogi adityanath major gift to ex servicemen

मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में सीएम योगी ने घोषणा की कि अब पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को 50 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीदने पर स्टांप ड्यूटी में छूट मिलेगी। पहले यह छूट केवल 20 लाख रुपये तक की संपत्ति पर मिलती थी।

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवारों के लिए बड़ा ऐलान किया है। मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में सीएम योगी ने घोषणा की कि अब पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को 50 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीदने पर स्टांप ड्यूटी में छूट मिलेगी। पहले यह छूट केवल 20 लाख रुपये तक की संपत्ति पर मिलती थी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वीरता पुरस्कारों की राशि दोगुनी करने का भी ऐलान किया। शनिवार को क्रांति धरा मेरठ में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के करीब 5.19 लाख पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों का सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता है। पिछली सरकारों ने कई साल तक वन रैंक-वन पेंशन की मांग को लटकाए रखा, जबकि सैनिकों और शहीद परिवारों को उचित सम्मान नहीं मिला।

सुरक्षित माहौल में ही देश आगे बढ़ सकता है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी देश और समाज की तरक्की के लिए सुरक्षा का माहौल होना जरूरी है। अगर सुरक्षा नहीं होगी तो विकास की रफ्तार भी रुक सकती है। उन्होंने कहा कि सियाचिन की कड़ाके की ठंड हो या राजस्थान की तपती रेत, देश का सैनिक हर परिस्थिति में सीमा पर डटा रहता है। योगी ने कहा कि सैनिक कभी रिटायर नहीं होता, केवल उसकी वर्दी बदलती है। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वह गांव और समाज में लोगों का मार्गदर्शन करता है और दूसरों के लिए प्रेरणा बनता है।

यूपी में करीब 20 लाख लोगों का सैनिक परिवार

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश वीर जवानों की धरती है। प्रदेश में करीब 20 लाख लोगों का सैनिक परिवार है। देश में हर साल लगभग 60 हजार सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं, जिनमें करीब 12 हजार उत्तर प्रदेश से होते हैं। उन्होंने जगन्नाथ सिंह, वीर अब्दुल हमीद, कैप्टन मनोज पांडेय और योगेंद्र सिंह यादव जैसे वीर जवानों का जिक्र करते हुए कहा कि इस धरती ने देश को कई बहादुर सैनिक दिए हैं। प्रदेश में ऐसे भी परिवार हैं, जिनमें दादा, पिता और उनके बाद बेटे-बेटियों ने भी सेना में रहकर देश की सेवा की है। मुख्यमंत्री ने गाजीपुर के गहमर गांव का भी जिक्र किया। यह गांव बड़ी संख्या में सेना के जवान देने के लिए जाना जाता है। उन्होंने देश के लिए बलिदान देने वाले सभी सैनिकों को नमन किया।

पिछली सरकारों के समय अपराध का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी ने मेरठ में पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान हुई घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि साल 2016 में कारगिल युद्ध के एक पूर्व सैनिक के साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया था। एक राजनीतिक दल के समर्थकों ने उन्हें इसलिए पीटा, क्योंकि उन्होंने सलाम करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने 2013 में एलओसी पर शहीद हुए एक सैनिक के सम्मान में प्रशासनिक व्यवस्था नहीं होने का भी जिक्र किया। योगी ने कहा कि उस समय अपराध की घटनाएं बढ़ रही थीं। मेरठ में एक लड़की की छेड़छाड़ का विरोध करने पर हत्या कर दी गई थी।

पीएम मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद को दिया जा रहा जवाब

सीएम योगी ने कहा कि पहले की सरकारों के समय देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी समझौते किए जाते थे। आतंकी हमलों के बाद केवल डोजियर भेजकर कार्रवाई की जिम्मेदारी पूरी मान ली जाती थी। कई बार सैनिकों की बहादुरी पर भी सवाल उठाए जाते थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ कड़ा जवाब दे रहा है। अब देश अपने सैनिकों के सम्मान और उनकी ताकत को सबसे ज्यादा महत्व देता है।

शहीद परिवारों को 50 लाख रुपए की सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने शहीद सैनिकों के परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता को 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया है। साल 2018 से शहीद सैनिकों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा शहीदों की याद में स्मारक और स्मृति द्वार बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्दी पहनकर देश की सेवा करने वाले हर व्यक्ति का सम्मान करना डबल इंजन सरकार का संकल्प है।

अनुच्छेद 370 हटाने का भी किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को मजबूत किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने अगले 25 वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा था। देश के सैनिक इस लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!