Edited By Parveen Kumar,Updated: 27 Apr, 2026 09:56 PM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दमदम का मिजाज बदल दिया। सूर्य की तपिश के बीच भी बंगाल चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सीएम योगी का जादू बंगालवासियों के सिर चढ़कर बोला। बुलडोजर बाबा की एक झलक पाने को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
नेशनल डेस्क : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दमदम का मिजाज बदल दिया। सूर्य की तपिश के बीच भी बंगाल चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सीएम योगी का जादू बंगालवासियों के सिर चढ़कर बोला। बुलडोजर बाबा की एक झलक पाने को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
मुख्यमंत्री ने दमदम विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अरिजीत बख्शी के लिए रोड-शो किया तो हाथों में भाजपा का झंडा लिए मतदाताओं ने वंदे मातरम, भारत मां, जयश्रीराम, बुलडोजर बाबा के जमकर जयकारे लगाए। भगवा रंग में रंगा दमदम मानो एक स्वर में बोल रहा था कि हम सब ‘कमल’ के साथ हैं।
मुख्यमंत्री का रोड-शो जैसे ही निकला, ढोल-नगाड़ों के बीच लोगों ने ‘स्वागतम्-स्वागतम’ का उद्घोष कर उन पर पुष्पवर्षा की। सीएम ने इस स्नेह के लिए बंगालवासियों का ह्रदय से आभार प्रकट किया। इस दौरान ‘एक ही नारा-एक ही नाम- जयश्रीराम-जयश्रीराम’, ‘हिंदू-हिंदू भाई-भाई’, ‘योगी बाबा जिंदाबाद-बुलडोजर बाबा जिंदाबाद’ के स्वर गूंजते रहे।

रोड-शो के रास्ते में बने मंच पर बाल कलाकार भगवान राम, मां सीता व लक्ष्मण आदि की भूमिका में सबका ध्यान आकृष्ट करते दिखे तो पारंपरिक परिधान में सजीं महिलाएं भी अपने बंगाल में बुलडोजर बाबा का जोरदार स्वागत करती दिखाई दीं। घरों की खिड़कियों, छतों से भी सीएम योगी पर लगातार पुष्पवर्षा होती रही।

मुख्यमंत्री ने ‘जय मां काली, जय श्रीराम, हर-हर महादेव’ का जयघोष कर दमदमवासियों से अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि देवतुल्य मतदाताओं ने तय किया है कि बंगाल में टेरर, माफियाराज व करप्शन की पर्याय बनी टीएमसी को उखाड़ फेकना है। जिस टीएमसी ने बंगाल के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया, नागरिकों के हक पर लूट मचाई, भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा पार कर दी, बंगाल के विकास को बाधित किया, उस टीएमसी से अब मुक्ति पाने का समय है। पहले चरण के मतदान ने साबित किया कि खेला शेष, उन्नयन शुरू। सीएम ने विश्वास दिलाया कि डबल इंजन की भाजपा सरकार आएगी तो यहां विकास की नई गाथा लिखी जाएगी।